जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

राजस्थान में मंगलवार रात करीब सवा दस बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। जयपुर सहित तमाम शहरों में लोग घरों से बाहर भागे। एक-दूसरे को फोन कर भूकंप आने की जानकारी दी। मंगलवार रात 10.17 से 10.20 बजे के बीच भूकंप आया। बीकानेर, जोधपुर, कोटा, अलवर, गंगानगर, अजमेर, झुंझुनूं आदि शहरों में भूकम्प के झटके महसूस होते ही लोग घर से बाहर की ओर दौड़े। अपने नाते-रिश्तेदारों को फोन करके इसकी जानकारी भी दी, ताकि सभी सुरक्षित अपने घरों से बाहर आ जाएं।

जयपुर के बापूनगर के रहने वाले युवक मनीष ने बताया- डिनर करने के बाद सोने की तैयारी थी। तभी भूकंप का एहसास हुआ। सुरक्षा के लिहाज से लोग घर के बाहर आ गए। सीकर के श्रीमाधोपुर के रहने वाले मनोज मिश्रा ने बताया कि रात को घर में खाना खा रहे थे कि अचानक भूकंप के झटके महसूस हुए। परिवार के लोगो को लेकर घर के बाहर आ गए।

राजस्थान सहित दिल्ली-NCR, एमपी, यूपी, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, बिहार में झटके महसूस किए गए हैं। इसकी तीव्रता 5.5 आंकी गई। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में रहा। भारत के अलावा, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, कजाकिस्तान और चीन में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके लगने पर लोग घबराहट में लोग घरों से बाहर निकल गए। बताया जाता है कि कई सेकेंड तक झटके महसूस किए गए।

होटलों से बाहर आए टूरिस्ट
तीर्थ नगरी पुष्कर में भी भूकंप के झटके महसूस हुए। यहां होटलों में ठहरे टूरिस्ट भूकंप के झटके महसूस होते ही बाहर आ गए। ग्रीस से भारत भ्रमण पर आई विदेशी पर्यटक ओली ने बताया कि उसे लगभग 8 सेकेंड तक भूकंप के झटके महसूस हुए। किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका में वह तुरंत होटल से बाहर आ गईं।

झुंझुनूं में सहमे लोग

झुंझुनूं के चिड़ावा से सूचना है कि लोग सोने की तैयारी कर रहे थे। अचानक भूकंप आने का शोर हुआ। लोग सहम गए और अपने-अपने घरों से बाहर निकले। कुछ लोगों ने तो यहां तक कहा कि भूंकप के कारण पंखे, दरवाजे की कुंडी हिलने लगी थी।अचानक झटके से घरों में सो रहे लोगों की आंखे खुल गईं। लोग घबरा गए। काफी देर तक लोग घरों में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।