हनुमानगढ- विश्वास कुमार
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा लोक कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ब्लॉक, जिला, राज्य स्तर पर राजस्थान संस्कृति महोत्सव -2023 का आयोजन किया जा रहा है। इस संदर्भ में आज बुधवार को जिला कलक्टर रुक्मणि रियार ने केलक्ट्रेट सभागार में प्रैस कॉन्फ्रेंस की । रुक्मणि रियार ने बताया कि जिले में दो दिवसीय राजस्थान संस्कृति महोत्सव-2023 का आयोजन 28 एवं 29 मार्च, 2023 को टाउन बस स्टैंड नजदीक सैंट्रल पार्क में किया जाएगा । कार्यक्रम का उद्घाटन 28 मार्च को सांय 4.15 बजे किया जाएगा ।
जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले में राजस्थानी, हरियाणवी और पंजाबी संस्कृति के लोग निवास करते है , उनकी भावनाओं और संस्कृति को मद्देनजर रखते हुए तथा कार्यक्रम से युवाओं को जोड़ने के लिए इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध राजस्थानी गायकार गफूर खां जैसलमेरी, हरियाणवी के प्रसिद्ध गायक राजू पंजाबी और युवाओं में लोकप्रिय पंजाबी गायक कोराला मान अपनी प्रस्तुतियां देंगे । लोक कलाकारों को प्रोत्साहन देने के लिए स्थानीय लोक कलाकारों को भी आमंत्रित किया गया है , जिले की प्रतिभाएं आगे आए , लोग राजस्थान की विभिन्न संस्कृतियों से परिचित हो यहीं इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य है । कार्यक्रम में कालबेलिया नृत्य, भवाई नृत्य, गिद्दा, भंगडा के लिए लोक कलाकारों को आमंत्रित किया है । स्थानीय कलाकारों में रुखसाना बानो,जय खां मिरासी,पवन मक्कासर,फतेह सियान,राजेश नाथ एंड पार्टी प्रस्तुतियां देंगे । राजस्थान की संस्कृति में कवियों का अहम किरदार रहा है , इसलिए इस अवसर पर कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है । मनोरंजन के लिए हास्य विधा में माहिर भोलू कॉमेडियन, फतेह सियान कार्यक्रम में शमां बांधेंगे।
कॉलेज , स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी राजस्थान की संस्कृति से परिचित हो इसलिए 28 मार्च को सुबह 10 बजे ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जा रहा है , उत्कृष्ठ ड्राइंग करने वाले छात्रों को सम्मानित किया जाएगा । स्थानीय उत्पादों को प्रमोट करने के लिए , राजस्थान संस्कृति महोत्सव के अवसर पर स्थानीय उत्पादों की स्टॉल भी लगाई जाएगी । राजीविका के स्वयं सहायता समूह, आर सेटी से ट्रेंड महिलाएं तथा स्थानीय इन्वेंचर अपने उत्पादों को इस अवसर पर बिक्री के लिए ला सकेंगे ।

0 टिप्पणियाँ