जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान पुलिस को खुली चुनौती देने वाले लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 2 शातिर बदमाशों और द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती पेपर लीक करने वाले दो मास्टरमाइंड के खिलाफ डीजीपी उमेश मिश्रा ने 1-1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया है। गैंगस्टर रोहित गोदारा, रितिक बॉक्सर व सेकंड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में वांछित आरोपी भूपेंद्र सारण और सुरेश ढाका की गिरफ्तारी के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा 1-1 लाख रुपए के इनाम की घोषणा की गई है।डीजीपी उमेश मिश्रा ने बताया कि कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और उसके साथी रितिक बॉक्सर द्वारा आमजन में दहशत फैलाने के उद्देश्य से आपराधिक घटनाएं कर व्यापारियों से फिरौती की मांग की जा रही है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के यह बदमाश अपने गुर्गों के जरिए फायरिंग कर व्यापारियों में दहशत फैलाने का काम कर रहे हैं। ऐसे में इन्हें गिरफ्तार करने के लिए इन पर इनाम घोषित किया गया है। हाल ही में आयोजित सेकंड ग्रेड टीचर परीक्षा पेपर लीक मामले में दो मुख्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो पाई है। जिसे देखते हुए पेपर लीक मामले में फरार आरोपी भूपेंद्र सारण और सुरेश ढाका की गिरफ्तारी के लिए 1-1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया है। आपको बता दे, कि पेपर लीक प्रकरण में पूर्व में एडीजी क्राइम द्वारा दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था, जिसे अब बढ़ा कर 1-1 लाख रुपए कर दिया गया है। दोनों ही आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे हैं, जिनके विदेश में होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि इन चारों ही बदमाशों के बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम व पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी। बदमाशों को गिरफ्तार कराने में सहयोग करने वाले व्यक्ति को घोषित इनाम राशि दी जाएगी।

0 टिप्पणियाँ