जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

सरकार ने गुरुवार को विधानसभा में कहा है कि महिलाओं को मुफ्त स्मार्ट फोन देने की योजना बंद नहीं की है, यह अंडर प्रोसेस है। बीजेपी विधायक कालीचरण सराफ के सवाल के जवाब मेंं शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला ने विधानसभा में कहा- राजस्‍थान सरकार ने 2022 के बजट में मुख्‍यमंत्री डिजिटल सेवा योजना शुरू करने की घोषणा की है। इसमें लगभग एक करोड़ 33 लाख चिरंजीवी परिवारों की महिला मुखिया को तीन साल के इंटरनेट एक्‍सेस के साथ मुफ्त स्‍मार्ट फोन दिए जाने हैं। कल्ला ने कहा कि मुफ्त स्मार्टफोन योजना के लिए बजट में पहले 1200 करोड़ और फिर 3400 करोड़ का प्रावधान किया गया। अभी भी 2600 करोड़ का बजट प्रावधान किया हुआ है। इसका काम प्र​क्रिया में है।

नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने सवाल उठाए

मंत्री के जवाब पर नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने सवाल उठाते हुए कहा- पिछले बजट की घोषणा का अब तक अता-पता नहीं है। सरकार की मंशा क्या है? इस पर मंत्री कल्ला ने कहा- योजना बंद नहीं की है। प्रक्रिया में समय लगता है। अभी इंटरनेशनल बाजार में सेमीकंडक्टर की कमी चल रही है। अभी केंद्र सरकार ने भी मोबाइल के टैक्स में बदलाव किया है।