जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर स्थित सांभर में 17 फरवरी से 19 फरवरी तक देशी-विदेशी सैलानियों का सैलाब उमड़ेगा। पर्यटन विभाग एवं जयपुर जिला प्रशासन ने पहली बार आयोजित हो रहे सांभर फेस्टिवल की सभी तैयारियों पूरी कर ली है। जिसके बाद सांभर सैलानियों की मेजबानी के लिए पूरी तरह से तैयार है।
सांभर फेस्टिवल में हर दिन खास आयोजन।
जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने जानकारी दी कि सांभर फेस्टिवल प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। महोत्सव का आयोजन नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देशानुसार पक्षियों का पूरा ध्यान रखते हुये किया जायेगा। तीन दिवसीय सांभर महोत्सव में हर दिन कई खास आयोजन होंगे। एक ओर जहां फेस्टिवल का आगाज एडवेंचर बाइक राइड से होगा तो वहीं दूसरी ओर स्टार नाइ गेजिंग इवेंट के तहत रात को सैलानी को सांभर के साफ आसमान में तारों को निहारने का मौका मिलेगा। फेस्टिवल के दौरान पतंगबाजी और कैमल राइड सहित पैरा सैलिंग एटीवी राइडमोटर साइकिल रैली सरीख कई साहसिक गतिविधियों का आयोजन होगा।
कई इवेंट होंगे आकर्षण का केन्द्र।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (तृतीय) अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि फोटोग्राफी एग्जिबिशन साल्ट ट्रेन सांभर लेक विजिट सांभर साल्ट प्रोसेसिंग ट्यूरबर्ड वॉचिंग स्टार नाइट गेजिंग हैरिटेज वॉक सैलानियों के आकर्षण का केन्द्र होंगी। सैलानियों को सांभर के ऐतिहासिक महत्व और परिंदों की रोचक जानकारियों से रूबरू करवाने के लिए खास टॉक शो का भी आयोजन किया जाएगा। सांभर फेस्टिवल के अंतिम दिन महोत्सव के दौरान हुई प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
सीमा मिश्रा और जस्सू खा बांधेंगे समां।
पर्यटन विभाग के उपनिदेशक उपेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि सेलिब्रेटी नाइट में सैलानियों के लिए विश्वस्तरीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 17 फरवरी की शाम सीमा मिश्रा और सतीश डेहरा के नाम रहेगी तो वहीं, 18 फरवरी को जाने माने सूफी गायक जस्सू खान अपने फन का जादू बिखेरेंगे और 18 फरवरी को ही दीपोत्सव कार्यक्रम के तहत देवयानी कुंड को 21 हजार दीपों से रोशन किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ