सवाई माधोपुर -हेमेंद्र शर्मा
सवाई माधोपुर जिला प्रशासन, महिला अधिकारिता विभाग, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र सवाई माधोपुर द्वारा संयुक्त रूप से जिला मुख्यालय के इंद्रा मैदान पर रणथम्भौर उद्योग एवं हस्तशिल्प मेला तथा अमृता हाट-2023 का आयोजन किया गया । जिसका जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि विभागों के संयुक्त प्रयास से रणथम्भौर उद्योग एवं हस्तशिल्प मेले का आयोजन होने से हस्तशिल्प, हथकरघा, राजीविका, एनयूएलएम समूह के सदस्यों द्वारा हाथों से निर्मित उत्पादों के क्रय हेतु उचित मंच प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेले को रोचक एवं मनोरंजक बनाने के लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक अमित गुप्ता ने बताया कि मेले में राज्य भर से महिला स्वयं सहायता समूहों, लघु उद्यमियों, दस्तकारों, हस्तशिल्प, खादी संस्थाओं द्वारा अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विपणन किया जाएगा। मेले में आर्टिफिशियल ज्वैलरी, लाख की चूड़ियां, जर्मन केमिकल, लकड़ी के खिलौने, ब्लैक टेराकोटा, मार्बल आईटम, कड़ाईदार ड्रेस, कोटा डोरिया, पूजन-पोशाक सामग्री, पर्दे, पर्स, बैग, पायदान, नमदे, बैडशीट, शॉल, जूतियां, लैदर एण्ड रेगजीन उत्पाद, बन्धेज, लहरिया, हर्बल एवं आयुर्वेदिक उत्पाद, आचार-मुरब्बा, पापड़-मंगोड़ी, मसाले, नमकीन, रेडिमेड गारमेन्टस, घरेलू उपयोग सामग्री एवं अन्य हैण्डीक्राफ्ट उत्पाद उचित दर पर खरीदे जा सकते हैं। खान-पान, मनोरंजन, चकरी-झूले एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं मेंले के अन्य प्रमुख आकर्षण होंगे। मेले में प्रवेश निःशुल्क है।