जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
स्वायत्त शासन मंत्री शान्ति कुमार धारीवाल ने विधानसभा में कहा कि वर्तमान में गंभीरी नदी के बहाव क्षेत्र में आने वाली भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में शिकायत किये जाने के बाद जिला कलक्टर द्वारा तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया था, जिसमें नगर परिषद, नगर विकास न्यास तथा राजस्व विभाग के सदस्य शामिल थे। जिला कलक्टर द्वारा पेश समिति की रिपोर्ट में भी नदी के नाम पर दर्ज खसरे में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं पाया गया है।धारीवाल ने प्रश्नकाल के दौरान इस संबंध में सदस्यों द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नं का जवाब देते हुए कहा कि गंभीरी नदी के बहाव क्षेत्र में अवैध कब्जा या अतिक्रमण नहीं पाया गया है तथा वहां निर्मित सड़क निजी खातेदारों, नगर परिषद् अथवा नगर विकास न्यास की जमीन पर बनाई गई है। इससे पहले स्वायत्त शासन मंत्री ने विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में कहा कि नगर विकास न्यास चित्तौड़गढ़ एवं नगर परिषद चित्तौड़गढ़ के क्षेत्राधिकार में गंभीरी नदी के बहाव क्षेत्र में कोई अतिक्रमण होना नहीं पाया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नदियों के बहाव क्षेत्रों में होने वाले अतिक्रमण को हटाने एवं उनके विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने हेतु कृत संकल्प है।

0 टिप्पणियाँ