मैक्सिको के यूकाटन राज्य, कनपीच और क्विंटना रू के अलावा ग्वाटेमाला तथा बेलीज के कुछ हिस्से को पानी ने तीनों तरफ से घेरा हुआ है। इस 470,000 वर्ग किलोमीटर के क्षैत्र को यूकाटन प्रायदीप के नाम से जाना जाता है। उष्ण वातावरण के इस भूभाग में जंगल, सुंदरबन ( मैंग्रोव), खाड़ी और कोरल रीफ सब कुछ मिलता है। यहां का सबसे बड़ा सुरक्षित भाग कैलाकमुल बायोश्फेयर है। संयुक्त राष्ट्र विश्व विरासत साइन कान बायोस्फीयर भी यूकाटन का हिस्सा है।

मैक्सिको सरकार की एक योजना के फलस्वरूप ये सब जंगल और सुरक्षित क्षैत्र आने वाले समय में सदा के लिए लुप्त हो सकते हैं। योजना में पशुओं को चराने के लिए बड़े खेत विकसित करने तथा रस्से बनाने के उपयोग में आने वाले एक कैक्टस की खेती को बढ़ावा देना शामिल है। योजना के मूर्तरूप लेने पर स्थानीय संस्कृति, रोजगार और जीव विविधता आदि सभी समाप्त हो जायेंगे और इतिहास में अंकित हो भूला दिए जायेंगे। प्रकृति के इस वृहद विनाश से पर्यावरण प्रेमी काफी क्षुब्ध है परंतु सत्ता की ताकत के सामने असहाय हैं। यदि सब तरफ ऐसा होता रहा तो पृथ्वी का जो प्राकृतिक सौंदर्य है वह तो लुप्त होगा ही पर यहां पर जीवन का अस्तित्व भी खतरे में पड़ सकता है। दुख की बात यह है कि ऐसा मनुष्य के आवश्यकताओं की बजाय उसकी लालसा के कारण हो रहा है।

यह स्थान पृथ्वी का वह क्षैत्र है जहां मायन सभ्यता के लोग सदियों तक रहे थे और यहां के कुछ रीति रिवाज आज भी माया लोगों से मिलते हैं। बरसात हो बुलाने के लिए यहां के बच्चे आज भी मेंढकों की तरह टर्राते हैं और पेड़ों की डालियों को हिलाते हैं। मान्यताओं के आगे विज्ञान परास्त ही होता रहा है। यहां का चूने जैसा पत्थर पानी को स्पोंज की तरह सोख लेता है। इन पत्थरों से रिसता हुआ पानी भूमि के नीचे छोटे नदी नालों को निर्मित करता है।

यूकाटन में एक दुर्लभ बिल्ली पाई जाती है जो यदाकदा ही नजर आती है क्योंकि यह रात के समय छुपकर बिना किसी आवाज के शिकार को निकलती है। इसके अलावा यहां जगुआर प्रजाति का चीता होता है तथा उसके अलावा कई छोटे जीव जंतु तथा हल्ला मचानेवाले बंदर काफी मात्रा में दिखाई देते हैं। विशाल फ्लेमिंगो के अलावा कितनी ही तरह के पक्षी यहां नजर आते हैं। यहां एक अति दुर्लभ मगरमच्छ पाया जाता है जिसे मॉरलेट का मगर कहा जाता है। अमेरिका के रईस लोगों और फिल्म कलाकारों के जूते, बेल्ट, वॉलेट और पर्स बनाने के दिखावे की वजह से शिकारियों ने यूकाटन में बड़े पैमाने पर मगरमच्छों का शिकार किया है हालांकि अब यह एक रक्षित जीव है। इसकी लंबाई कोई 2.5 मीटर होती है। इसके अलावा यहां अमेरिकन मगर भी पाया जाता है जो 6 मीटर से भी ज्यादा लंबा होता है।

यूकाटन में पृथ्वी की मात्र दो जहरीली छिपकलियों में से एक पाई जाती है जिसके शरीर पर काले चिक्कते होते हैं। इस प्रायदीप के तीनों तरफ सागर का उष्ण पानी फैला हुआ है जहां समुद्री जीवन हर तरफ नजर आता है। यहां शार्क मछली भी पाई जाती है। ग्रेट मायन रीफ यहां का विशेष आकर्षण है।