राजस्थान में चुनावी साल शुरू होने के साथ ही सियासी सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने कहा- कभी-कभी लोग मजाक करते हैं। वो मेरे से कहते हैं कि ये वसुंधरा राजे हमेशा भगवान के भरोसे है। मैं तो कहती हूं, हां मैं भगवान भरोसे हूं। हम पूरा घर सजाकर छोड़ते हैं। फीता काटने का काम कांग्रेस करती है।
बता दें कि यह वीडियो पिछले दिनों हैदराबाद में प्रवासी सम्मेलन के दौरान का है। इस वीडियो को आज राजे ने अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किया है। वसुंधरा करीब चार महीने पहले हैदराबाद में भाजपा कार्यसमिति की बैठक में गई थीं, तभी बैठक से इतर राजस्थानियों का एक प्रवासी सम्मेलन हुआ था, उसी सम्मेलन में वसुंधरा ने यह बात कही थी।
दौड़ कर काम करो तो भी 5 साल में पूरे काम नहीं होते
राजे ने कहा- मेरे से कोई पूछे की ये क्यों करते हो, दूसरी सरकारें तो करती नहीं है। आप तो आराम से चलो। मैं लोगों से कहती हूं, देखो किसी भी सरकार को काम करवाने के लिए 5-10 साल तो दो। 5 साल इतना शॉर्ट टर्म होता है कि दौड़-दौड़ कर भी काम करो तो उसे कंपलीट नहीं कर सकते। हम पूरा घर सजाकर छोड़ते हैं। फिर कांग्रेस आ जाती है। उसका मजा उठाती है। जो-जो काम हमने किए हैं, उसका फीता काटने का काम कांग्रेस करती है।


0 टिप्पणियाँ