हनुमानगढ़ - विश्वास कुमार 
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार दिनांक 11.02.2023 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है जिसके सफल आयोजन हेतु अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) संजीव मागो के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, तथा समस्त तालुका में डोर स्टेप कांउसलिंग के साथ मेगा शिविरों का आयोजन किया गया।
शिविर में सचिव संदीप कौर व न्यायिक मजिस्ट्रेट महेश्वरी बरोड़ उपस्थित रहे,सचिव संदीप कौर द्वारा डोर स्टेप कांउसलिंग व राष्ट्रीय लोक अदालत में रखे जाने वाले प्रकरणों की प्रकृति आदि के बारे में जानकारी देते हुए उक्त लोक अदालत के फायदों के बारे में अवगत करवाया गया। उक्त डोर स्टेप कांउसलिंग व मेगा शिविर में न्यायालयों में लम्बित प्रकरणों के पक्षकारान को नोटिस कर बुलाया गया तथा चिन्हित प्रकरणों के पक्षकारान के मध्य समझाईश हेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सावित्री बाई फूले महाविद्यालय छात्रावास की छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत आधारित नाटिका का मंचन भी किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु दिनांक 22.01.2023, 28.01.2023, 29.01.2023 व 05.02.2023 को डोर स्टेप कांउसलिंग आयोजित की गई। हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर आयोजित डोर स्टेप कांउसलिंग मेगा शिविर में तथा शिविरों की तैयारियों के दिवसों के दौरान कुल 148744 आमजन को कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।जिसमें जन्म मृत्यु  प्रमाण पत्र,विवाह प्रमाण पत्र,इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गांरटी योजना, इन्दिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना, पेंशन, जाति, मूल निवास, खाद्यसुरक्षा, स्मार्ट कार्ड, छात्रवृति, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, पालनहार योजना, संयुक्त सहायता, मुख्यमंत्री कृषक साथी योजना (डिग्गी, तारबंदी, फार्म पौंड, सुपर कम्पोस्ट पीट) राष्ट्रीय खाद्यसुरक्षा मिशन दलहन, कृषि यंत्रीकरण, तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, पशुपालन विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाअें टीकाकरण, उपचार, कृत्रिम गर्भादान, महिला बाल विकास विभाग की योजना सैनेट्री नैपकिन, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत आमजन को लाभान्वित किया गया। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से हस्त द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।