जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कथित भ्रष्टाचार के एक मामले में पूर्व वित्त सचिव और राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के सलाहकार अरविंद मायाराम के ठिकानों पर तलाशी ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली और जयपुर में तलाशी ली गयी। इस बारे में और जानकारी का इंतजार है। दरअसल अरविंद मायाराम का संबंध सियासी परिवार से रहा है। उनकी मां इंदिरा मायाराम राजस्थान की पूर्व मंत्री रह चुकी हैं। उनका निधन हो चुका है। अशोक गहलोत की पहली सरकार में इंदिरा मायाराम मंत्री पद संभाल चुकी हैं। मनमोहन सिंह की सरकार में अरविंद मायाराम फाइनसेंस सेक्रेटरी रह चुके हैं। पिछले करीब चार सालों से वे अशोक गहलोत के सलाहकार के तौर पर सेवा दे रहे हैं। वे 1978 बैच के राजस्थान कैडर के IAS अधिकारी रहे हैं। 2012 से केंद्र में आर्थिक मामलों के सचिव रहे उसके बाद अप्रैल 2014 में उन्हें वित्त सचिव का भी पदभार दे दिया गया था। अक्टूबर 2014 में वे केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के सचिव रहे। केंद्र में सेवा देने के दौरान ही वे रिटायर हो गए।
अभी हाल ही में मायाराम ने भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ कदम भी मिलाए थे। ऐसी अटकलें भी लगीं कि अरविंद मायाराम राजस्थान में इस बार होने वाले विधानसभा चुनावों में अपनी किस्मत आजमा सकते है। बता दें कि 20 दिसंबर 2022 को अरविंद मायाराम और उनकी पत्नी शैल मायाराम अलवर में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई थीं। शैल मायाराम एक लेखिका हैं। इस छापेमारी के बाद अरविंद मायाराम की कोई प्रतिक्रिया फिलहाल सामने नहीं आई है।