जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

आज के 5G युग में प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी कितनी हाई टेक है इसकी एक बानगी देखने को मिल रही है।  भले ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बन गए हों, राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी भले ही सुखजिंदर सिंह रंधावा को बना दिया गया हो, मगर राजस्थान कांग्रेस की अधिकारिक वेबसाइट अभी भी खड़गे को अध्यक्ष और रंधावा को प्रभारी नहीं मानती है। राजस्थान कांग्रेस की अधिकारिक वेबसाइट rajpcc.com के होम पेज पर कहीं भी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे नहीं हैं। कांग्रेस की वेबसाइट के होम पेज पर एक तरफ जहां पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की तस्वीरें हैं। वहीं दूसरी तरह पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व प्रभारी अजय माकन की तस्वीरें हैं।

कांग्रेस ने पिछले महीने 5 दिसम्बर को सुखजिंदर सिंह रंधावा को प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किया था। इस दौरान भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस में ही थी। इससे पहले कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन ने इस पद से इस्तीफा दे दिया था। ऐसे में माकन की जगह कांग्रेस ने रंधावा को प्रभारी नियुक्त कर दिया था। रंधावा के प्रभारी बने 1 महीने से ज्यादा हो गया मगर अब भी पीसीसी की वेबसाइट पर प्रभारी के रूप में अजय माकन का ही फोटो है। वहीं रंधावा कहीं भी नजर नहीं आते हैं।

मल्लिकार्जुन खड़गे भी होमपेज पर कहीं नहीं

इसके अलावा कांग्रेस की वेबसाइट के होमपेज पर मल्लिकार्जुन खड़गे भी दिखाई नहीं पड़ते हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे 19 अक्टूबर को कांग्रेस के नए अध्यक्ष चुन लिए गए थे। 26 अक्टूबर को अधिकारिक रूप से उन्होंने प्रभार ग्रहण कर लिया था। इस बात को भी लगभग 2.5 महीने होने आए मगर अबतक राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में मल्लिकार्जुन खड़गे राजस्थान कांग्रेस की वेबसाइट पर नजर नहीं आते हैं।