जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा की राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ट्रेडमिल वॉक है। उनकी यात्रा से कोई नहीं जुड़ना चाहता है। अन्य पार्टी का कोई भी नेता उनके साथ कदम से कदम मिलाने के लिए तैयार नहीं है। यूपी में यात्रा निकली, लेकिन अखिलेश ने यात्रा से दूरी बनाई। डीएमके, सीपीआई, सीपीएम भी उनकी यात्रा से दूर रहे हैं। जो लोग इनके साथ यात्रा में कदम मिलाकर चलने को तैयार नहीं है वो चुनाव मे इनके साथ कहां चलेंगे। कांग्रेस वेंटिलेटर पर है और इस यात्रा का कोई असर नहीं होने वाला है। भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पर डेटा प्रबंधन विभाग की कार्यशाला के उद्घाटन सत्र के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राजस्थान में तानाशाही, अहंकार, भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद की सरकार चल रही है। गहलोत माफिया रोकने के नाम पर आए थे मगर आज गहलोत सरकार को माफिया चला रहा है। हर मोर्चे पर सरकार फेल है। जनता त्राहि त्राहि कर रही है और गहलोत सरकार को बाय-बाय कहने का मन बना लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के तार सीधे सीएम आवास से जुड़े हैं। कई जगहों पर दाल में काला होता है लेकिन राजस्थान सरकार में पूरी दाल ही काली है। उन्होंने ट्रैप आरोपी की पहचान छुपाने के आदेश पर कहा कि भ्रष्टाचारी मित्रों को बचाने के लिए गहलोत सरकार ने यह आदेश जारी किए हैं। इसे स्पष्ट होता है कौन-किसको बचा रहा है। जिसने गरीब का माल लूटा है, उसे आप क्यों बचाना चाहते हैं। यह रिश्ता क्या कहलाता है, जनता जानना चाहती है।राम जन्मभूमि को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री चुघ ने कहा कि राम हमारी रग रग और भारत के पग पग में है। हम सब पर राम की कृपा है और राम को चुनाव के साथ नहीं जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम जन आक्रोश यात्रा के जरिए जनता के बीच जा रहे हैं और जनता में सरकार के प्रति आक्रोश है। इस आक्रोश से साफ है कि वर्ष 2023 के चुनाव में गहलोत सरकार की विदाई होगी और इसके बाद वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस की हार तय है।