भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने पेपर लीक मामलों से सबक लेते हुए अब सख्त नियम लागू कर दिए हैं। अब पेपर लीक की वजह से निरस्त हुई शिक्षक भर्ती की जीके परीक्षा 29 जनवरी को आयोजित होगी। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटे पहले पेपर को लोहे के बॉक्स में 3 ताले लगाकर परीक्षा केंद्रों पहुंचाया जाएगा। ये ताले ओटीपी से ही खुल सकेंगे। महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य एवं केंद्राधीक्षक अखिलेश गुप्ता ने बताया कि पेपर केंद्रों पर पूर्ण सुरक्षा के साथ 30 मिनट पहले पहुंचाया जाएगा। पेपर लोहे के बॉक्स में तीन ताला लगाकर भेजा जाएगा। ये ताले ओटीपी से खुलेंगे। परीक्षा केंद्र पर सिर्फ केंद्राधीक्षक को ही फोन रखने की अनुमति मिलेगी। यह स्मार्टफोन ना होकर कीपैड वाला फोन होगा। ओटीपी केंद्राधीक्षक के कीपैड वाले मोबाइल पर एसएमएस भेजा जाएगा। इसके बाद ही बॉक्स खोलकर पेपर निकाले जाएंगे।
अभ्यर्थियों के सामने पैक होंगी ओएमआर शीट।
केंद्राधीक्षक अखिलेश गुप्ता ने बताया कि परीक्षा पूर्ण होने पर दोनों वीक्षक परीक्षा रूम में ही अभ्यर्थियों के सामने सभी ओएमआर शीट को लिफाफे में पैक करेंगे। साथ ही दो अभ्यर्थियों के हस्ताक्षर भी लेंगे। उसके बाद पैक लिफाफे केंद्राधीक्षक के कक्ष से पूर्ण सुरक्षा में स्ट्रॉन्ग रूम भेजे जाएंगे।

0 टिप्पणियाँ