भीलवाड़ा ब्यूरो रिपोर्ट।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देवनारायण जन्मस्थली पर आएंगे। यहां वह मंदिर दर्शन के बाद यज्ञ में पूर्णाहुति देने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस मुस्तैद है। भीलवाड़ा के साथ ही अन्य जिलों से भी पुलिस का जाप्ता मंगवाया गया है, जिससे लोगों को यातायात की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए ट्रैफिक प्लान भी बनाया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक आदर्श सिद्धू ने कहा कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बता दे, कि आसींद में स्थित देवनारायण जन्मस्थली मालासेरी डूंगरी को दुल्हन की तरह सजाया गया है। यहां आज भगवान श्री देवनारायण का 1111वां जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस मौके पर कई कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत करेंगे। यहां बनाए हेलीपैड पर शुक्रवार को रिहर्सल की गई। सेना का पहला हेलीकॉप्टर उतारा गया। जनसभा के लिए एक विशाल पांडाल बनाया गया है। मालासेरी मंदिर विकास समिति की तरफ से 1111 किलो पीले चावल और भगवान देवनारायण की जन्मस्थली की मिट्टी देश के कोने-कोने में न्योते के रूप में दी गई थी।
यह रहेगा पीएम मोदी का कार्यक्रम।
भगवान श्री देवनारायण का मालासेरी डूंगरी का 1111वां वर्ष पूर्व माघ की शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को मनाया जाएगा। पिछले 5 दिन से विष्णु महायज्ञ चल रहा है। भगवान श्री देवनारायण के जन्म उत्सव के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिन में 11 बजकर 25 मिनट पर देवनारायण जन्मस्थली पहुंचेंगे। पीएम मोदी विष्णु महायज्ञ में पूर्णाहुति देंगे। उसके बाद वह भगवान शंकर का अभिषेक करेंगे और मंदिर परिसर में बने पैनोरमा का अवलोकन करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी विशाल धर्मसभा को भी संबोधित करेंगे।

0 टिप्पणियाँ