हनुमानगढ़-विश्वास कुमार।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार भारत जोड़ो यात्रा के विस्तार के लिए 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का गांव, ब्लॉक, जिला एवं  प्रदेश स्तर पर संचालन किया जाना है। अभियान के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए  प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जिले-वार समन्वयक नियुक्त किए हैं। इसमें पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी को चूरू जिले का समन्वयक बनाया गया है। जिला समन्वयक जिले व जिले के अंतर्गत आने वाले गांवों व ब्लॉकों में स्थानीय प्रमुख कांग्रेसजनों से समन्वय स्थापित कर अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित करेंगे। अभियान की तैयारियों को लेकर पीसीसी जयपुर के वॉर रूम में पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में 8 जनवरी को एक बैठक होगी। जिसमें राजस्थान प्रभारी सुखजिन्द्र सिंह रंधावा, मुख्यमन्त्री अशोक गहलोत व  इस अभियान के एआईसीसी प्रभारी आरसी खूँटियाँ विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। नवनियुक्त जिला समन्वयक सुरेंद्र दादरी ने कहा कि संगठन की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निवर्हन करते हुए ज़िले के कांग्रेसजनों से समन्वय स्थापित कर हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की सफलता सुनिश्चित की जाएगी। दादरी ने कहा कि राज्य में अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार रिपीट होगी। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक लेकर जाएंगे।