हनुमानगढ़-विश्वास कुमार।
हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र के 21 NDR गांव का मामला है जहां जमीनी विवाद को लेकर अपने ही भाई को गोली मारने का मामला सामने आया है।माथे मे गोली लगने से घायल हुए व्यक्ति को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया है। लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची टाउन पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हनुमानगढ़ टाउन थाना प्रभारी शालू बिश्नोई ने जानकारी दी कि गांव 21 NDR रोही में स्थित ढाणी में किसी बात को लेकर चाचा-ताऊ के परिवार में झगड़ा हो गया। झगड़े में अमरजीत ने अपने चचेरे भाई सूरजभान पर गोली चला दी। गोली उसके के माथे पर लगी। घायल सूरजभान को राजकीय अस्पताल मे इलाज के लिए भर्ती करवाया गया और उसके बाद श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया है। बिश्नोई ने बताया कि दोनों परिवारों में पिछले काफी सालों से जमीन विवाद चल रहा है। जिसके चलते दोनों परिवारों में कई सालों से बोलचाल नहीं थी। थाना प्रभारी ने बताया कि शनिवार देर रात दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया और विवाद में एक पक्ष ने गोली मार दी। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी अमरजीत पुत्र शीशपाल 307 के मामले में जमानत पर बाहर आया था। अमरजीत ने अपनी भाभी पर ट्रैक्टर चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया था। इस मामले में टाउन पुलिस ने ही अमरजीत के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया और गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस ने घायल सूरजभान के पर्चा बयान के आधार अमरजीत, रामभरत निवासी 21 NDR और 4 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।