राजसमंद ब्यूरो रिपोर्ट।
विश्व प्रसिद्ध श्रीनाथजी मंदिर में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी की उनकी मित्र राधिका मर्चेंट के साथ सगाई हो गई। कार्यक्रम में मर्चेंट और अंबानी परिवार के खास लोग ही शरीक हुए। अनंत अंबानी अपनी मंगेतर राधिका के साथ स्थानीय धीरज धाम में बुधवार से रुके हुए हैं। वही अंबानी परिवार के सदस्य भी नाथद्वारा पहुंचे। इससे पूर्व श्रीनाथजी में विशेष मनोरथ करवाया गया और क्षेत्र के आदिवासी समाज के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। करीब 6 से 8 हजार लोगों ने भोजन किया। वहीं अनंत और राधिका ने भी भोज गृह पहुंचकर व्यवस्था देखी। 
इसके बाद दोनों श्रीनाथजी मंदिर की गौशाला पहुंचे जहां गायों को गुड़ से बनी लापसी खिलाई। अनंत और राधिका ने गाय के बछड़ों को भी सहलाकर स्नेह दिखाया। वही अंबानी परिवार की ओर से नगर के सभी समाज के लोगों के घर मिठाई भिजवाई गई। इसके लिए लगभग 10,000 से अधिक मिठाई के पैकेट बनवाया गए हैं। मोती महल की सजावट को देख कर पहले ही इस बात का अंदाजा लगाया जा रहा था कि परिवार कोई बड़ी घोषणा कर सकता है और वही हुआ। बेटे की सगाई के बाद मुकेश अंबानी परिवार संग राधिका के परिवार की भी श्रीनाथजी में गहरी आस्था है और इससे पूर्व में भी दोनों परिवार के सदस्य यहां आते रहे हैं। 21 मार्च 2022 को अनंत अंबानी की ओर से श्रीनाथजी में छप्पनभोग का मनोरथ करवाया गया था जिसमें केवल राधिका के परिवार वाले ही आये थे। वहीं गत 12 सितंबर को मुकेश अंबानी के साथ राधिका मर्चेंट ने श्रीनाथजी के दर्शन किए थे। राधिका मर्चेंट के पिता वीरेन मर्चेंट एन्कोर हेल्थकेयर के सीईओ हैं और मूल रूप से कच्छ के निवासी हैं। अंबानी और मर्चेंट परिवार की पहले से ही नजदीकियां रही हैं। राधिका और अनंत भी काफी लंबे समय से एक दूसरे को जानते हैं। दोनों बचपन के दोस्त हैं। दरअसल राधिका मुकेश अंबानी के दोस्त वीरेन मर्चेंट की बेटी हैं।