करौली ब्यूरो रिपोर्ट।
भाजपा की जन आक्रोश यात्रा के तहत गुरूवार को विधानसभा टोडाभीम की जन आक्रोश महासभा का आयोजन गुरूवार को नादौती में हुआ। इस विशाल जन आक्रोश महासभा में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राजस्थान के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह एवं भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर , प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश महामंत्री भजन लाल शर्मा, भाजपा जिला संगठन प्रभारी भानु प्रताप सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष बृजलाल डिकोलिया, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी हरदेव सिंह पावटा, प्रदेश किसान मोर्चा के मंत्री अशोक सिंह धाबाई,पूर्व विधायक रमेश मीना, राजकुमारी जाटव, पूर्व विधायक बत्ती लाल मीणा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि कांग्रेस के भ्रष्टाचार, जंगलराज व कुशासन से तंग आकर आने वाले विधानसभा चुनावों में जनता भाजपा को 180 से अधिक सीटों से जितायेगी।
साथ ही यह भ्रांति भी टूटेगी की पांच साल कांग्रेस व पांच साल भाजपा राज्य में सरकार बनाएगी। क्योंकि आने वाले चुनावों में भाजपा सुशासन के चलते 20-25 वर्षों तक सरकार में रहेगी। मुकेश दाधीच ने कहा कि झूठों के बादशाह राहुल गांधी ने कर्जा माफी, बेरोजगारी भत्ता व युवाओं को रोजगार देने की घोषणा की थी जो अभी तक नहीं हुई है। प्रदेश महामंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन से दुखी होकर किसान आत्महत्या कर रहे हैं। बेरोजगार परीक्षा देेते हैं तो पेपर लीक कर दिये जाते हैं। गहलोत कुर्सी से चिपके रहना चाहते हैं, सचिन पायलट गहलोत को हटाने में लगे हुए हैं। अपराध बढ़ रहे हैं, संविदाकर्मियों को स्थाई नहीं किया जा रहा। भाजपा सरकार के समय की योजनाओं को बंद करके केवल नाम बदला जा रहा है। राज्य में 27 हजार से अधिक महिलाओं के साथ दुष्कर्म व आपराधिक घटनाएं हो रही है। ऐसे में जनता में आक्रोश फैला हुआ है।भाजपा जिला अध्यक्ष बृजलाल डिकोलिया ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद एक भी घटना देश में नहीं घटी है। कुशल नेतृत्व के कारण देश तरक्की की राह पर है। पूर्व के प्रधानमंत्री केवल कहते थे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल काम करने में विश्वास रखते है और करके दिखाते हैं। राज्य की कांग्रेस सरकार ने गौशालाओं का अनुदान बंद कर दिया, गौरव पथ का केवल नाम बोलते हैं बनाते नहीं है। परीक्षाओं में धांधली करने वाले नौकरी पा जाते हैं और पढऩे वाले रह जाते हैं। राज्य की कांग्रेस सरकार के कुशासन, भ्रष्टाचार व जंगलराज के कारण आमजन में आक्रोश फैला हुआ है। महिलाएं घर से बाहर निकलने से डरने लगी है। गैंगवार की घटनाएं जिले में घटित हो रही है। बच्चों के अपहरण हो रहे हैं, ऐसे में परिजन भय के साये में बच्चों को शिक्षा हासिल करवा रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा की कांग्रेस के खिलाफ फैले जन आक्रोश को व्यक्त करने के लिए भाजपा की जन आक्रोश यात्रा निकाली जा रही है। जिसमें कांग्रेस सरकार से दुखी जनता भाजपा के साथ अपनी पीड़ा जाहिर कर रही है। भाजपा आमजन के साथ है और अन्याय के खिलाफ डटकर मुकाबला कर रही है। मीडिया प्रभारी मुकेश सालौत्री ने बताया कि महासभा को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार के जंगलराज, कुशासन व भ्रष्टाचार की खुलकर निंदा की। कहा कि भाजपा सरकार के समय जिले में विकास के कार्यों में कोई कसर नहीं रखी वहीं कांग्रेस सरकार ने एक भी नया काम नहीं किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला फूंका।

0 टिप्पणियाँ