जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को मिल रहे आम जनता के सहयोग के बाद कांग्रेस पार्टी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू करने जा रही है। 26 जनवरी से देशभर में शुरू हो रहे कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से सभी राज्यों के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी पत्र के अनुसार ओडिशा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामचंद्र खूंटिया को राजस्थान की जिम्मेदारी दी गई है। राजस्थान से स्टीयरिंग कमेटी के सदस्य रघुवीर मीणा को हिमाचल प्रदेश, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहन प्रकाश को पंजाब-चंडीगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। राजस्थान से राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी को मध्य प्रदेश का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।नियुक्त किए गए पर्यवेक्षक जल्द ही अपने अपने प्रभार वाले प्रदेशों में जाकर हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक लेंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं और नेताओं को दिशा-निर्देश भी देंगे। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान 26 जनवरी से शुरू होने जा होने जा रहा है। यह अभियान प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर होगा। यह कार्यक्रम करीब 2 माह तक चलेगा। इसके जरिए जनता से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा।