सवाई माधोपुर-हेमेंद्र शर्मा।
सवाई माधोपुर जिले के कुंडेरा कस्बे में किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें राज्यसभा सांसद डॉ किरोड़ी लाल मीणा ने शिरकत की। सैकड़ों की तादाद में ग्रामीण किसान महापंचायत में शामिल हुए ।राज्यसभा सांसद डॉक्टर किरोडी लाल मीणा को ग्रामीणों ने कई समस्याओं से अवगत करवाया। जिसमें प्रमुख रूप से वन विभाग की समस्याएं देखने को मिली। जिस पर डॉक्टर किरोड़ी लाल ने सैकड़ों समर्थकों के साथ जिला मुख्यालय स्थित वन विभाग के कार्यालय के लिए कूच कर दिया। बड़ी तादाद में समर्थकों के साथ सांसद डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा वन विभाग के कार्यालय पहुंचे, जहां 11 सदस्य प्रतिनिधि मंडल के साथ में अधिकारियों से वार्ता की गई। वार्ता में वन विभाग के उप वन संरक्षक संग्राम सिंह एसडीएम कपिल शर्मा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा अतिरिक्त जिला कलेक्टर सूरज सिंह नेगी शामिल रहे। डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने 1000 मीटर के दायरे में दी जाने वाली आवासीय तथा व्यवसायिक एनओसी के बारे में भी बात की। इस पर उप वन संरक्षक संग्राम सिंह का कहना था कि उनके द्वारा एनओसी प्रदान नहीं की जाती है। वह केवल दूरी बता कर फाइल आगे भेज देते हैं। साथ ही कचीदा माता वन क्षेत्र तथा अन्य धार्मिक स्थलों पर जाने की रोक के बारे में भी डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने उन अधिकारियों से बात की। इस पर वन अधिकारियों ने भविष्य में किसी भी श्रद्धालु को नहीं रोके जाने की सहमति प्रदान की। इसके अलावा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने बजरी के मुद्दे पर बातचीत की। जिस पर पुलिस अधिकारियों को हिदायत देते हुए डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि वे खनन अधिकारियों की मौजूदगी में ही ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़े। कानून का उल्लंघन नहीं करें ।अन्यथा जनता के साथ डॉक्टर किरोड़ी कड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

0 टिप्पणियाँ