भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
भरतपुर जिले के बयाना-भरतपुर सड़क मार्ग पर उच्चैन थाना क्षेत्र के गांव कैमासी के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित दूध का टैंकर पलट गया। हादसे में पास से गुजर रहे दो बाइक पर सवार चार लोगों को ट्रैंकर ने चपेट में ले लिया। जिससे दो सगे भाइयों मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 3 लोग घायल हो गए। घायलों को आरबीएम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार दूध का एक टैंकर कैमासी गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर की चपेट में आने से खोजा का नगला निवासी सगे भाई भंवर सिंह और राजू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार ललित जाटव, उसका पुत्र कुणाल और टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर उच्चैन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने टैंकर के नीचे दबे शवों को बाहर निकाला और तीनों घायलों को आरबीएम जिला अस्पताल में उपचार के लिए भेजा। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। दोनों भाई उच्चैन से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।