हनुमानगढ़-विश्वास कुमार।
हनुमानगढ़ के संगरिया तहसील क्षेत्र से घर से भागी नाबालिग को बाल कल्याण समिति ने डिटेन किया है।डिटेन करने के पश्चात बाल कल्याण समिति ने परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने के बाद बाल कल्याण समिति ने नाबालिग बच्ची को परिजनों को सौंप दिया है। बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल ने बताया कि संगरिया तहसील क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की मंगलवार को घर से भाग गई। वह बस में सवार होकर मंगलवार रात को हनुमानगढ़ पहुंची। किसी जागरूक व्यक्ति ने इसकी सूचना बाल कल्याण समिति को दी। इस पर बालिका के रात को रैन बसेरे में ठहरने की व्यवस्था की गई। बुधवार सुबह समिति की टीम रैन बसेरा पहुंची और बालिका से पूछताछ की। नाबालिग ने बताया कि उसके माता-पिता उसे बेच रहे थे। इस पर लड़की को बाल कल्याण समिति ने डिटेन कर लिया। उसके माता-पिता को सूचना दी। इस पर जब बच्ची के परिजन बाल कल्याण समिति के पास पहुंचे तो उन्होंने परिजनों को पाबंद किया कि वो बच्ची के साथ कुछ नहीं करेंगे। नाबालिग ने भी कहा है कि अगर उसके साथ भविष्य में ऐसा कुछ नहीं होता है तो वह अपने घर जाने को तैयार है। सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष के अनुसार पाबंद करने के बाद बच्ची को परिजनों को सौंप दिया है। बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेंद्र गोयल ने बताया कि सीडब्ल्यूसी और संगरिया पुलिस की ओर से भी लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।