हनुमानगढ़-विश्वास कुमार।
हनुमानगढ़ के सतीपुरा गांव में गुरुद्वारा साहिब से पंज प्यारों की अगुवाई में गुरु गोबिंद सिंह के 356वें प्रकाश पर्व के मौके पर नगर कीर्तन निकाला गया।गांव में पहली बार निकाले गए नगर कीर्तन को लेकर संगत में खासा उत्साह नजर आया। इस दौरान पंजाब के बहाववाला की गतका पार्टी की ओर से हैरतअंगेज कारनामे दिखाए गए। नगर कीर्तन में शस्त्र कला कौशल के प्रदर्शन ने हर किसी को रोमांचित कर दिया। घरों की छतों पर खड़े होकर लोगों ने करतब देखे। नगर कीर्तन में काफी संख्या में सिख समाज के लोगों ने उत्साह से हिस्सा लिया। बैंड बाजों के साथ निकले नगर कीर्तन का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। नगर कीर्तन में सबसे आगे पंज प्यारों की अगुवाई में फूलों से सुसज्जित वाहन में गुरुग्रंथ साहिब की सवारी विराजमान थी। नगर कीर्तन के आगे सेवादार झाड़ू से रास्तों की सफाई करते चल रहे थे। सिख समाज के नागरिकों ने कीर्तन कर गुरु साहिब की महिमा का गुणगान किया। शब्द कीर्तन में गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन क्षणों को सुनकर संगत ने वाहे गुरु वाहे गुरु का उच्चारण किया। नगर कीर्तन में सजाई गई पालकी जब गांव की गलियों से होकर गुजरी तो संगत ने नतमस्तक होकर गुरु ग्रंथ साहिब जी को नमन किया। संगत को प्रसाद वितरित किया गया।जगह-जगह लंगर का आयोजन किया गया। गांव सतीपुरा और आसपास की ढाणियों से होते हुए निकले नगर कीर्तन का समापन वापस गुरुद्वारा पहुंचकर हुआ।

0 टिप्पणियाँ