जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
भारतीय जनता युवा मोर्चा, जयपुर शहर की तरफ से सिविल लाईन्स फाटक, जयपुर पर भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में शिक्षक भर्ती परीक्षा जी.के. के पेपर लीक मामले को लेकर सरकार की उदासीनता के विरोध में मुख्यमंत्री का पुतला फूंक कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर भाजयुमो कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश कार्यालय से रैली के रूप में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सिविल लाईन्स फाटक के लिए निकले। प्रशासन ने कार्यकर्ताओं को सिविल लाईन्स फाटक पर जाने से रोका इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं और पुलिस प्रशासन के बीच आपसी टकराव की स्थिति पैदा हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला फूंका। इस मौके पर भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु शर्मा ने बताया कि कांग्रेस के शासनकाल में भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होना एक परम्परा बन गई है और यह परम्परा राजस्थान की कांग्रेस सरकार द्वारा प्रायोजित है। कांग्रेस के शासनकाल में पेपर लीक प्रकरणों में गिरफ्तार अभियुक्तों के कांग्रेस पार्टी के साथ सम्पर्क संबंध उक्त आरोप की पुष्टि करते है।