चित्तौड़गढ़-गोपाल चतुर्वेदी।
पूरे देश में कोरोना के नए वेरिएंट बीएफ 7 के मरीज निकल कर सामने आ रहे हैं। इसके लिए सरकार की ओर से नई गाइडलाइन भी जारी कर दी गई है। इसी को लेकर चित्तौड़गढ़ जिला चिकित्सालय भी कोरोना के नए वेरिएंट से निपटने के लिए अलर्ट मोड़ पर आ गया है। जिसमें नई वैरीअंट की संदिग्ध मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड की स्थापना की गई है। इसके बारे में जानकारी देते हुए जिला राजकीय चिकित्सालय में फिजीशियन चिकित्सा डॉ अनिश जैन ने बताया कि कोरोना के नए वैरीअंट बीएफ-7 को लेकर जिला राजकीय चिकित्सालय में आइसोलेशन वार्ड स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि सर्दी के तेवर तीखे होने के चलते वर्तमान में आउटडोर में सर्दी-  जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि संदिग्ध मरीजों की कोरोना जांच के लिए सैंपलिंग भी की जा रही है। साथ ही उन्हें सावधानी रखने के लिए भी कहा जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि कोरोना की दस्तक के साथ आमजन भी अपने आप को सुरक्षित रखें और किसी भी प्रकार की सर्दी जुकाम के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेकर उपचार करवाएं।