चित्तौड़गढ़-गोपाल चतुर्वेदी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने प्रदेश मे बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिलाओं पर अत्याचार के मामले पर राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं और आमजन दहशत के साए में अपनी जिंदगी जीने को मजबूर है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया जिला जाट समाज संस्था की ओर से आयोजित किए गए तेजा दशमी महोत्सव और किसान सम्मेलन में भाग लेने चित्तौड़गढ़ पहुंचे। जहां पर उन्होंने चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के जन्मदिन और अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के डायरेक्टर आई एम सेठिया के सम्मान समारोह मे भी भाग लिया।
इसके पश्चात उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पिछले पौने चार सालों में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत प्रदेश को एक गृहमंत्री नहीं दे सके। मुख्यमंत्री गहलोत को अपनी सरकार बचाने से अपने ही विधायकों की जासूसी करने से फुर्सत नहीं मिली। इसी का नतीजा यह है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार धरातल पर है। पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है महिलाओं और बालिकाओं के साथ दुष्कर्म और छेड़छाड़ की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। भरतपुर में हुई भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के बारे में उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, भरतपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में इस तरह की घटनाएं घटित हुई है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में पुलिस सरकारी तंत्र के दबाव में काम कर रही है। सरकार भी अपराधियों को संरक्षण देने में लगी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत और उनके मंत्री भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं कि वे सरकार के अंदरुनी और कामकाज पर उंगली उठा रहे हैं। इस बारे में उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सरकार की कमजोरियों को उजागर करना है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकार के मुखिया और मंत्रियों को महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा प्रदान करने, बेरोजगारों को रोजगार देने और महंगाई से राहत देने की बात पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहां की मुख्यमंत्री गोल-गोल बात करके आमजन को भ्रमित कर रहे हैं। लेकिन आने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी बातों की तरह कांग्रेस भी राजस्थान से पूरी तरह से गोल हो जाएगी और प्रदेश में कमल का फूल खिलने के साथ भाजपा की सरकार बनेगी। इस अवसर पर उन्होंने तेजा दशमी के अवसर पर आमजन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश में खुशहाली और सुख शांति बनी रहे l इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी, सांसद सीपी जोशी, जिला अध्यक्ष भाजपा गौतम दक,भूमि विकास बैंक चेयरमैन कमलेश पुरोहित, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, सहित सैकड़ों की संख्या में आम जन मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ