भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
भरतपुर जिले में बेखौफ बदमाशों ने भाजपा नेता कृपाल सिंह जघीना की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना रविवार देर रात की है। रात करीब 10.45 बजे के आसपास भाजपा नेता जब अपनी कार से घर लौट रहे थे, उनकी कार को एक दर्जन से ज्यादा बाइक सवार बदमाशों ने घेर लिया और उन पर फायरिंग कर दी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने आसपास के सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर दी है। स्थानीय सूत्रों ने हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।कृपाल सिंह के शव को आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां दोपहर बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। जघीना पहले भाजपा किसान मोर्चा के जिला प्रवक्ता थे। वह इस समय रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य के रूप में कार्यरत थे। सूचना मिलने पर कृपाल सिंह के दोस्त व परिजन मौके पर पहुंचे और आरबीएम अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सांसद रंजीता कोली और भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. शैलेश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे।पुलिस के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।