झालावाड़ ब्यूरो रिपोर्ट।
झालावाड़ जिले के मनोहरथाना कस्बे में बिना अनुमति के साप्ताहिक हाट में पशु बेच रहे पशुपालकों को जब पुलिस हटाने के लिए पहुंची तो पशुपालकों ने पुलिस पर ही पथराव कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने पथराव में शामिल 9 पशुपालकों को हिरासत कर लिया है। पुलिस के मुताबिक सम्पूर्ण राजस्थान में पशुओं में फैल रहे लंपी डिजीज से बचाव के लिए साप्ताहिक पशु हाट एवं बाजार पर रोक लगाई गई है। इसके लिए मनोहरथाना कस्बे में रविवार को लगने वाले पशु हाट को भी प्रतिबंधित किया था। इसके लिए मुख्य मार्गों पर पुलिस जवानों को तैनात किया गया।प्रशासनिक चेतावनी के बावजूद भी बड़ी संख्या में पशुपालक मनोहरथाना कस्बे के राजगढ़ जोड़ तिराहे पर पहुंच गए और साप्ताहिक हाट लगाकर पशुओं की खरीद-फरोख्त शुरू कर दी। ऐसे में सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पशु पालकों को हाट बाजार से पशुओं को हटाने के लिए समझाइश की, लेकिन उस दौरान कुछ पशुपालक और ग्रामीण भड़क गए।उसके बाद पुलिस जवानों पर ही पथराव कर दिया। ऐसे में कुछ देर के लिए पुलिस जवानों को खुद का बचाव करने के लिए भागना पड़ा। बाद में सूचना पर अतिरिक्त पुलिस मौके पर पहुंची और साप्ताहिक पशु हाट को तितर-बितर कर दिया गया। इस दौरान पुलिस ने पत्थरबाजी में शामिल रहे 9 पशुपालकों को हिरासत में ले लिया है।

0 टिप्पणियाँ