सवाई माधोपुर-हेमेन्द्र शर्मा।
सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय के खटुपुरा गांव में दहशत का पर्याय बन चुका पैंथर आज आखिरकार वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में कैद हो गया । वन विभाग की रेस्क्यू द्वारा पैंथर को जंगल में छोड़ दिया गया। सरपंच शाहिद अली से मिली जानकारी अनुसार पिछले 4 दिनों से लगातार गांव में पैंथर का मूवमेंट बना हुआ था और पैंथर अब तक 4 बकरियों को अपना शिकार बना चुका था। गांव में पैंथर की दहशत इस कदर  फैल चुकी थी कि शाम होते ही लोग अपने घरों में दुबक जाते थे । पैंथर के मूवमेंट से गांव के बच्चे और महिलाओं में भारी भय व्याप्त था । सरपंच शाहिद अली ने कल शाम वन विभाग को पैंथर के मूवमेंट की सूचना दी। सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने गांव का सर्वे कर पैंथर के पदचिन्ह की पहचान की और देर रात खाटूपुरा में बालाजी के मंदिर के पास एक पिंजरा लगाया गया ।जिसके अंदर शिकार की हुई बकरी को रख दिया गया । रात में पैंथर जैसे ही बकरी को खाने के लिए पिंजरे में घुसा तो पिंजरा लॉक हो गया और पैंथर पिंजरे में कैद हो गया । सुबह वन विभाग की टीम ने पैंथर को पिंजरे से निकालकर रणथंबोर के जंगल में छोड़ दिया । तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस की ।