सीकर ब्यूरो रिपोर्ट।
सीकर के खाटूश्यामजी थाना किसी बात के विवाद के चलते मामी ने ही 16 महीने के बच्चे के प्राइवेट पार्ट पर हमला कर दिया। साथ ही मामा ने फोन पर बच्चे के दादा को अगली बार बच्चे को जान से मारने की धमकी दी है। मामले में बच्चे के दादा ने खाटूश्यामजी थाने में मामला दर्ज करवाया है। मामले में घायल बच्चे के दादा जगदीश जाट ने मामला दर्ज करवाया है कि उसके बेटे महेश की 2018 में मदनी निवासी चांवली उर्फ अनीता से शादी हुई थी। जिनके 16 महीने का एक बेटा है। चांवली करीब एक महीने पहले अपने पीहर गई थी। चांवली ने 31 अगस्त को फोन कर जगदीश को बताया कि उसकी भाभी सरोज ने उसके 16 महीने के बेटे को जान से मारने के इरादे से बच्चे के प्राइवेट पार्ट पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। चांवली अपने बच्चे को इसके बाद अपने ससुराल बधाल लेकर गई। जहां से 16 महीने के बच्चे को चौमू के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। इसके बाद जब जगदीश ने सरोज को फोन किया तो सरोज ने फोन अपने पति मालीराम को दे दिया। मालीराम ने फोन पर जगदीश को धमकी दी कि बच्चा अब की बार तो बच गया। दोबारा यहां आया तो जान से मार देंगे। पुलिस के मुताबिक परिवार में किसी बात को लेकर पिछले कई समय से विवाद चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।