जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर के एसएमएस अस्पताल से मासूम के अपहरण के मामले में पुलिस के हाथ 48 घंटे बाद भी खाली हैं। 3 अगस्त को अस्पताल से 4 माह के मासूम से अपहरण के प्रकरण में पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ अस्पताल कर्मचारियों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। 150 पुलिस कर्मियों की टीम मासूम और बदमाश की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन कोई ठोस सुराग उसके हाथ नहीं लग सका है। अब पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति का पोस्टर जारी कर पब्लिक से भी मदद की अपील की है। बता दे, कि मासूम का अपहरण करने वाले बदमाश की तलाश में पुलिस की टीमें यूपी, मध्य प्रदेश और दिल्ली भी भेजी गईं हैं। वहीं वारदात को 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद अब जयपुर पुलिस ने अपहरणकर्ता का पोस्टर जारी कर आमजन से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने अपने पोस्टर में इस बात का भी जिक्र किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति को उचित इनाम राशि भी दी जाएगी। पूरे प्रकरण पर डीसीपी ईस्ट राजीव पचार का कहना है कि 4 महीने के बच्चे को तलाशने की पूरी कोशिश जयपुर पुलिस कर रही है। बच्चे का अपहरण करने वाला बदमाश पिछले कई दिनों से एसएमएस अस्पताल के अंदर और बाहर घूमता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। फुटेज के आधार पर पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि आरोपी के संपर्क में और कौन-कौन लोग थे। जयपुर पुलिस की टेक्निकल टीम को भी बदमाश की जानकारी जुटाने में लगा रखा है। हालांकि मामले में अब तक किसी भी तरह की कोई सफलता पुलिस के हाथ नहीं लग सकी है। वहीं पुलिस अब तक 50 से अधिक संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर चुकी है। पुलिस के तमाम आला अधिकारी एसएमएस हॉस्पिटल थाने में कैंप कर रहे हैं और मासूम की तलाश में जुटी हुई पुलिस टीम को डायरेक्शन भी दे रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ