जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण लड़ाई अगस्त क्रांति की 75 वी वर्षगांठ के अवसर पर अमर जवान ज्योति पर देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों को संगीतमय श्रद्धांजली दी गई। यह आयोजन जयपुर परिसंवाद संस्था की ओर से आयोजित करवाया गया। संस्था के अध्यक्ष राजस्थान खादी बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष अनिल पारीक ने बताया कि देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। अगस्त क्रांति आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण लड़ाई रही है जब अंग्रेज सरकार ने गांधी,नेहरू,सरदार पटेल सहित सभी प्रमुख नेताओं को गिरफ्तार कर लिया था और कांग्रेस को गैर कानूनी संगठन घोषित कर दिया था। सभी नेताओ के गिरफ्तार होने के कारण देश नेतृत्वविहीन हो गया तो देश की आम जनता ने गांधी जी के करो या मरो नारे को आत्मसात करके स्वयं इस लड़ाई को लड़ा था। इसलिए स्वतंत्रता दिवस के साथ ही भारत छोड़ो आंदोलन को याद रखना और इसके लिए उत्सव मनाया जाना आवश्यक है। इस मौके पर गौरव सेनानी पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया। शहीदों को श्रद्धाजंलि देने के लिए पुलिस बैंड, सेना का बैंड, गायक कलाकार गौरव जैन उनकी टीम के सदस्यों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के प्रिय भजन वैष्णव जन को तेने कहिए के गायन के साथ हुई। इस उसके बाद वंदे मातरम, सारे जहां से अच्छा व अन्य गीतों की मधुर धुनों के बीच लोगों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में विधायक रफीक खान, पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल, कांग्रेस के प्रवक्ता आर आर तिवाडी, विप्र फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कर्नल, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी, फार्मेसी काउंसिल के महावीर सोगानी, अजय अग्रवाल, फोर्टी के सज्जनसिंह, रोशन भाटी समेत शहर के प्रबुद्ध नागरिक, बुद्धिजीवी समेत बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।