जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
हरिदेव जोशी पत्रकारिता और जनसंचार विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिलने की संभावना बन रही है। वहीं दूसरी ओर राज्यपाल कलराज  मिश्र ने सरकार द्वारा विश्वविद्यालय के कुलपति के लिए 10 वर्ष के अनुभव के योग्यता वाले विधेयक को अभी तक मंजूरी प्रदान नहीं की है ।  इसके बावजूद वीसी सर्च कमेटी ने नए कुलपति के लिए आए 30 आवेदनों में से 3 नाम राजभवन काे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उच्च शिक्षा विभाग की सिफारिश के साथ भेजा हैं। इन्हीं में से किसी एक काे हरिदेव जोशी पत्रकारिता और जनसंचार यूनिवर्सिटी का कुलपति नियुक्त किया जाएगा। जाे 3 नाम भेजे गए हैं, उनमें राजस्थान यूनिवर्सिटी के जनसंचार विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्राे. संजीव भानावत, पटना यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति प्रोफेसर शंभूनाथ सिंह और जोधपुर यूनिवर्सिटी की पूर्व प्रोफेसर सुधि राजीव शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि यूजीसी के नियमानुसार कुलपति के लिए तीनाें के पास 10 साल का प्रोफेसर अनुभव है, क्योंकि पत्रकारिता यूनिवर्सिटी के कुलपति की योग्यता में जो संशोधन विधेयक राज्य सरकार विधानसभा में लाई थी वह अभी तक राजभवन में मौजूद है और उसे राज्यपाल कलराज मिश्र की अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। ऐसे में राज्यपाल पर निर्भर करता है कि वे राज्य सरकार की सिफारिश को माने या नहीं माने।