हनुमानगढ़-विश्वास कुमार।
आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत शांति एवं अहिंसा निदेशालय के निर्देशानुसार सोमवार को जिले भर में सर्वधर्म प्रार्थना सभा और तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय व सभी ब्लॉक मुख्यालय पर भी इसका आयोजन किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित किया गया। जिसमें सर्वधर्म प्रार्थना सभा के बाद तिरंगा यात्रा का आय़ोजन कलेक्ट्रेट परिसर से परशुराम चौक, लाल चौक होते हुए अंबेडकर चौक तक किया गया। सर्वधर्म प्रार्थना सभा के अंतर्गत हिंदू, मुस्लिम, सिख और इसाई धर्म प्रतिनिधियों ने सर्वधर्म प्रार्थना कर पूरे विश्व में शांति और सांप्रदायिक सौहार्द्र बने रहने की कामना की। इससे पहले कार्यक्रम में अतिथियों जिला प्रमुख कविता मेघवाल, जिला कलेक्टर नथमल डिडेल, एडीएम प्रतिभा देवठिया, सीईओ जिला परिषद अशोक असीजा,एसीईओ सुनील छाबड़ा,नगर परिषद चेयरमैन गणेशराज बंसल, जिला अहिंसा बोर्ड के संयोजक श्रवण तंवर,सह-संयोजक तरूण विजय, प्रधान प्रतिनिधि दयाराम जाखड़, पार्षद मनोज सैनी समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों ने गांधीजी की प्रतिमा को सूत की माला पहनाकर उन्हें याद किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर नथमल डिडेल ने कहा कि आज हमें विदेशी ताकतों से स्वतंत्रता की नहीं बल्कि आवश्यकता नशा मुक्त भारत, पॉलिथीन मुक्त भारत बनाने की है। इसमें युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। सर्वधर्म प्रार्थना में हिंदू धर्म प्रतिनिधि के रूप में पंडित जसवीर,ईसाई धर्म प्रतिनिधि के रूप में जंक्शन स्थित लिटिल फ्लोवर कॉन्वेंट स्कूल चर्च के फादर बैन्नी थॉमस, मुस्लिम धर्म प्रतिनिधि के रूप में माणकसर की जामिया कादरिया मस्जिद के सदर मुश्ती अहमद ज़िया, सिख धर्म के प्रतिनिधि के रूप में पाठी सुखबीर सिंह ने हिस्सा लेते हुए सभी धर्मों में एकता और गांधीजी के विचारों को जीवन में आत्मसात करने की जरूरत बताते हुए सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना की। मंच संचालन कलेक्ट्रेट कार्यालय अधीक्षक बृजमोहन सोखल ने किया।
तिरंगा यात्रा का आयोजन।
सर्वधर्म प्रार्थना के बाद तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जो कलेक्ट्रेट परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा से शुरू कर परशुराम चौक, लाल चौक होते हुए अंबेडकर चौक पर समाप्त हुई। यात्रा को जिला प्रमुख कविता मेघवाल, जिला कलेक्टर नथमल डिडेल, नगर परिषद चेयरमैन गणेशराज बंसल, जिला अहिंसा बोर्ड के संयोजक श्रवण तंवर,सह संयोजक तरूण विजय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।नेहरू युवा केन्द्र के द्वारा हर घर तिरंगा फहराने का संदेश देती हुई तख्तियां वितरित की गई।
13 अगस्त को होगा अहिंसा मार्च का आयोजन।
जिला कलेक्टर नथमल डिडेल ने बताया कि शांति एवं अहिंसा निदेशालाय के निर्देशानुसार 13 अगस्त को भी जिला अहिंसा बोर्ड के संयोजन में अहिंसा मार्च का आयोजन कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर से राजीव गांधी स्टेडियम तक किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ