सपोटरा -विनोद कुमार जांगिड़।
करौली जिले के सपोटरा उपखंड की ग्राम पंचायत जोड़ली गांव में आम रास्ते में जमा गंदा बरसाती पानी, कीचड़ और गंदगी की समस्या ग्रामीणों व राहगीरों के लिए नासूर बनी हुई है। वही ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत सरपंच पर मनमानी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत जोड़ली कि बैरवा बस्ती सहित गांव के मुख्य आम रास्ते में लंबे समय से कीचड़ एवं गंदे बरसाती पानी का जमाव हो रहा है। कीचड़ की समस्या के कारण स्कूली बालक बालिकाओं के साथ राहगीरों का आवागमन बाधित हो रहा है। साथ ही आए दिन लोग गंदे कीचड़ में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ग्राम पंचायत की ओर से ना तो नालियों की सफाई करवाई गई और ना ही गांव में फैली पड़ी गंदगी को हटवाया गया है।जोड़ली गांव में मुख्य आम रास्तों में जमा गंदा बरसाती पानी एवं कीचड़ से मच्छर पनपते जा रहे हैं। जिसके कारण ग्रामीणों में मौसमी बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत की सरपंच कोली देवी निर्वाचित हुई थी। लेकिन उसके स्थान पर उनका चचेरा बेटा नमो मीणा ग्राम पंचायत का सरपंच पद संभाले हुए हैं और ग्रामीणों के द्वारा गांव में फैले गंदे पानी एवं कीचड़ की समस्या से निजात दिलाने के लिए अनेक वार नमो मीना को अवगत करवाया जा चुका है। लेकिन वह अपनी मनमानी करता है और ग्रामीणों की समस्या पर कोई सुनवाई नहीं करता है। जिसके कारण गांव के अनेक मोहल्ले एवं मुख्य आम रास्ते में गंदे पानी का जमाव और फैले कीचड़ की समस्या आमजन के लिए नासूर साबित हो रही है। तथा ग्रामीणों में सरपंच प्रतिनिधि नमो मीना के खिलाफ रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने उपखंड प्रशासन से नालियों की सफाई करवाने के साथ साथ गांव में फैले पड़े कीचड़ एवं गंदे बरसाती पानी की निकासी करवाने की गुहार लगाई है।