अलवर ब्यूरो रिपोर्ट।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली ने कहा कि आंचल मदर मिल्क बैंक के माध्यम से जरूरतमंद शिशुओं को मां दूध मिलता है जो उनके लिए स्वास्थ्य के लिए जीवनदायी का काम करता है। मंत्री जूली ने आई एम ए हाल में अंतराष्ट्रीय स्तनपान सप्ताह कार्यक्रम के समापन अवसर पर आंचल मदर मिल्क बैंक के साप्ताहिक कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद नवजात शिशुओं के लिए अपना दूध दान कर माताएं उनके लिए वरदान साबित हो रही है। स्तनपान एक ऐसा दान है जो जरूरतमंद शिशुओं को जीवनदान देता है। उन्होंने कहा कि मां का दूध शिशुओं के लिए वरदान है जो बच्चे के सर्वांगीण विकास से जुडा होता है। इस अवसर पर दुग्धदान करने वाली माताओं को आभार पत्र व भेंट प्रदान कर उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर उमरैण प्रधान दौलत जाटव, सीएमएचओ डॉ. श्रीराम शर्मा, पीएमओ डॉ. सुनील चौहान, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. महेश बैरवा, महिला चिकित्सा प्रभारी डॉ. टेकचन्द, डॉ मोहनलाल सिंधी, मिल्क बैंक प्रभारी अमनदीप, राजपाल यादव, डॉ. पूनम मलिक, राजेंद्र अरोड़ा सहित प्रबुद्ध व्यक्ति एवं चिकित्सा विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।