अखिल भारतीय माहेश्वरी सेवा सदन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकुमार भूतड़ा ने कहा है कि परिवारों में संस्कारों की सरिता प्रवाहित होनी चाहिए। साथ रहने जैसा आनंद कहीं और नहीं है। यथासंभव संयुक्त परिवार में रहना चाहिए। वे माहेश्वरी भवन में उत्तरी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के द्वितीय कार्यकारी मण्डल की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। अपने 40 मिनट के सम्बोधन में अनेक बार तालियों की गडग़ड़ाहट के बीच उन्होंने माहेश्वरी समाज की विशेषताओं का जिक्र करते हुए कहा कि यह सेवा, धर्म, सद्कर्म में सदैव अग्रणी रहता है। परिवार एवं समाज का ध्यान रखने वाले ही स्नेह पाते हैं। धन से नहीं मन से बड़ा होने वालों को किसी प्रकार की कमी नहीं रहती। सभी से आपसी एकजुटता का आह्वान भी भूतड़ा ने किया।
अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री अजय काबरा (भदोई, उत्तरप्रदेश) ने बेटी की शादी के लिए महानगरों की तरफ दौडऩे के बजाए निकट क्षेत्र को प्राथमिकता देने, सम्बद्ध विच्छेद को रोकने के लिए आपसी आत्मीयता बढ़ाने जैसे कई सुझाव दिए। उत्तरी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष बाबूलाल मोहता ने माहेश्वरी समाज के राजनीतिक दखल बढ़ाने की जरूरत बताई और कहा कि आपसी टांग खिंचाई से बचना चाहिए। मोहता ने कहा कि सुधार ऊपर से और विकास नीचे से होना चाहिए। नगर परिषद की सभापति करूणा चाण्डक ने शिक्षा और संस्कार पर जोर दिया साथ ही वर्तमान में गौवंश को चपेट में लेने वाली लंपी स्किन डिजीज के बचाव के लिए प्रयास बढ़ाने की जरूरत बताई। प्रारम्भ में समाज की प्रतिभा डीवाईएसपी वेदप्रकाश लखोटिया, आरएएस में चयनित अंकित मिमानी, अंतरराष्ट्रीय साइक्लिस्टि मानव सारड़ा एवं स्थानीय श्री माहेश्वरी सेवा समिति के अध्यक्ष महेश नढाणी ने भगवान महेश के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित किए। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बैठक के संयोजक मनोज चितलांगिया ने आभार जताया। चक्षु मूंधड़ा ने महेश वंदना की, शैलजा चितलांगिया एवं किरण सोमानी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। उद्घाटन सत्र का संचालन विनोद बिहाणी ने किया।
कार्यकारी मण्डल की बैठक में अखिल भारतीय प्रतिनिधि मनोहरलाल सोनी, प्रदेश मंत्री राकेश जाजू, नोखा नगर पालिका के अध्यक्ष नारायण झंवर, बीकानेर के अध्यक्ष ओमप्रकाश करनाणी, हरियााणा-पंजाब के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष पवन होलानी आदि ने भी विचार रखे। जिला मंत्री पवन सोमानी, स्थानीय श्री माहेश्वरी सेवा समिति के सचिव डॉ. अजीत सोमानी, महिला समिति की अध्यक्ष किरण बिहाणी, प्रोफेशनल सैल के सह सचिव विविध बिहाणी, युवा समिति के गौरव बिहाणी के अलावा हनुमानगढ़ के जिला मंत्री राधेश्याम लखोटिया, प्रादेशिक युवा संगठन के किशन लोहिया ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्रादेशिक महिला समिति की सरोज लखोटिया की ऑडियो रिपोर्ट सुनाई गई। अतिथियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसमें जुटे रहने वालों की तारीफ की। आयकर निरीक्षक पूनम मिमानी, आरएएस में चयनित अंकित मिमानी, अंतरराष्ट्रीय साइक्लिस्टि मानव सारड़ा, पीलीबंगा की पार्षद सुधा बिहाणी, हनुमानगढ़ के पार्षद श्यामसुंदर झंवर के अलावा समाज के प्रतिभा सम्मान समारोह के संयोजक मनोज चितलांगिया, ऑन लाइन चित्रकला प्रतियोगिता के प्रभारी डॉ. अजीत सोमानी को सम्मानित किया गया। बैठक शहर के अलावा अनेक स्थानों से आए हुए प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बीकानेर में होने वाली अखिल भारतीय स्तर की खेल प्रतियोगिता का पोस्टर भी अतिथियों ने जारी किया।
अखिल भारतीय माहेश्वरी सेवा सदन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकुमार भूतड़ा ने कहा कि देश के अनेक प्रमुख तीर्थ स्थलों पर समाज के भवन बने हुए हैं। अब अयोध्या में समाज का शीघ्र भवन बनेगा। इसके लिए उत्तरी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष बाबूलाल मोहता ने प्रदेश की तरफ से एक करोड़ रुपए के अंशदान की घोषणा की।

0 टिप्पणियाँ