हनुमानगढ़ जिले की टिब्बी तहसील का गांव सिलवाला खुर्द एक बार फिर चर्चा में है। वॉलीबॉल कोच बसंत सिंह मान की मेहनत के चलते गांव के ही खिलाड़ी अजीत सेखों का भारतीय वॉलीबॉल टीम में चयन हुआ है। कोच बसंत सिंह मान ने बताया कि भारतीय टीम में चयन होने के बाद अब अजीत सेखो थाईलैंड में 07 से 11 अगस्त तक होने वाली 14वीं एशियन चैंपियनशिप में भारतीय टीम के सदस्य के रूप में हिस्सा लेगा। हनुमानगढ़ विधायक चौ. विनोद कुमार ने अजीत सेखों के भारतीय वॉलीबॉल टीम में चयन होने पर बधाई देते हुए कहा कि सेखों ने जिले का नाम रोशन किया है।जिला कलेक्टर नथमल डिडेल ने भी खिलाड़ी अजीत सेखो के भारतीय टीम में चयन होने पर कोच बसंत सिंह मान और खिलाड़ी अजीत सेखों दोनों को बधाई दी। मूलत नोहर के जसाणा का रहने वाले अजीत सेखो वर्तमान में फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट है और छठी कक्षा से ही सिलवाला खुर्द में कोच बसंत सिंह मान से निशुल्क ट्रेनिंग ले रहा था। सेखो के पिता गुरचरण सिंह किसान हैं। गौरतलब है कि सिलवाला खुर्द गांव से पिछले दो महीनों में ही तीन खिलाड़ियों का चयन भारतीय टीम में हुआ है। इससे गांव में खुशी की लहर है। इसी साल 3 जून को सिलवाला खुर्द की खिलाड़ी कविता सुथार का 23 वीं एशियन अंडर 18 महिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप हेतु अंडर 18 भारतीय महिला वॉलीबॉल टीम के कप्तान के रूप में चयन हुआ था। उसके बाद 1 जुलाई को सिलवाला खुर्द की ही बेटी अल्पना का 21 वीं एशियन वॉलीबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए अंडर 20 भारतीय महिला वॉलीबॉल टीम में चयन हुआ। तीनों ही खिलाड़ी उड़ीसा के भुवनेश्वर में भारतीय टीम में चयन को लेकर चल रहे पूर्व प्रशिक्षण शिविर में शामिल थे। इससे पहले सिलवाला खुर्द से पहली बार सुखबीर कौर का भारतीय वॉलीबॉल टीम में चयन हुआ था
वॉलीबॉल कोच मान बताते हैं कि उन्हें जिला प्रशासन से भी सदैव सपोर्ट मिलता रहा । जिम से लेकर वॉलीबॉल कोर्ट पर एलईडी लाइट्स, सीढ़ियों के निर्माण इत्यादि को लेकर तत्कालीन और वर्तमान जिला कलेक्टर सहयोग कर रहे हैं।जिला कलेक्टर नथमल डिडेल ने गांव आकर सदैव उनकी व गांव के खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की और प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग किया।

0 टिप्पणियाँ