भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
आदिबद्री धाम और कनकांचल आंदोलन में भाजपा नेताओं की बयानबाजी के बाद पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने गजेंद्र शेखावत और सतीश पूनिया के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। राजस्थान सरकार को गिराने की कोशिश के मामले को लेकर मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने गजेंद्र सिंह शेखावत पर निशाना साधते हुए कहा कि वो वॉइस सैंपल देने से क्यों कतरा रहे हैं?. जबकि मैं तो सैंपल देने को तैयार हूं।मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि मानेसर मामले में मेरी और मंत्री गजेंद्र शेखावत की कोई बात हुई बताई थी। उस मामले को लेकर राजस्थान की पुलिस कई बार मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मिल चुकी। लेकिन वो वॉइस सैंपल देने से कतरा रहे हैं। जबकि मैं तो सैंपल देने को तैयार हूं। कांग्रेस का एक खेमा सचिन पायलट के साथ मानेसर के होटल में रुका था। उस समय केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और मंत्री विश्वेंद्र सिंह की आपसी बातचीत होने की चर्चा सामने आई थी। इस मामले को लेकर राजस्थान सरकार ने कई बार गजेंद्र सिंह शेखावत के वॉइस सैंपल लेने की बात उठाई। राजस्थान पुलिस ने कई बार प्रयास भी किए, लेकिन गजेंद्र शेखावत ने अपना वॉइस सैंपल नहीं दिया। प्रेस वार्ता के दौरान पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने फिर से यह मुद्दा उठाया। जबकि इससे एक दिन पहले केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पसोपा आए थे और उन्होंने राजस्थान सरकार, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं अन्य मंत्रियों को लेकर बयान दिए थे।

0 टिप्पणियाँ