सवाई माधोपुर-हेमेन्द्र शर्मा।
राज्य आयुक्त विशेष योग्यजन उमाशंकर शर्मा सवाई माधोपुर के दौरे पर रहे । इस दौरान उन्होंने जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में विशेष योग्यजनों की जनसुनवाई कर समस्याए सुनी और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए । इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए । विशेष योग्यजन आयुक्त ने अग्रणी बैंक अधिकारी को विशेष योग्यजनों को स्वरोजगार हेतु सरकार की विभिन्न योजनाओं में बैंकों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए । आयुक्त ने सभी विभागाध्यक्ष को प्राथमिकता के आधार पर विशेष योग्यजनों के कार्यों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए उनके विभाग में एकल खिड़की प्रारंभ करने के निर्देश दिये । उन्होंने रोडवेज विभाग के अधिकारी को रोडवेज की बसों में विशेष योग्यजनों के लिए आरक्षित सीटों को मुक्त रखने तथा विशेष योग्यजनों को बस में स्टाफ के अतिरिक्त कहीं से भी रास्ते में सड़क पर बस रोककर चढ़ाने तथा उनके कहने पर उनके गंतव्य स्थान के नजदीक रास्ते में बस रोक कर उतारने के आदेश रोडवेज के बस चालक परिचालकों को जारी करने के निर्देश दिये । साथ ही खाद्य सुरक्षा योजना के तहत उचित मूल्य की दुकानों पर विशेष योग्यजनों को प्राथमिकता के आधार पर बगैर लाइन में लगे खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के आदेश राशन डीलरों को देने के निर्देश रसद अधिकारी को दिए। आयुक्त ने विशेष योग्यजनों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने और उनके निश्चित समयावधि मे निराकरण करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए।

0 टिप्पणियाँ