झालावाड़ ब्यूरो रिपोर्ट।
झालावाड़ जिले के रटलाई थाना क्षेत्र में मवेशी चराने को लेकर 2 गांवों के ग्रामीणों के बीच भिड़ंत हो गई। इस दौरान ग्रामीणों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडे बरसाए और जमकर पथराव किया। घटना में 12 लोग घायल हो गए। सूचना पर रटलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के करीब 24 लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। रटलाई थाना अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि रटलाई थाना क्षेत्र के सूरजपुरा और टेकली गांव के बीच वन विभाग की चारागाह भूमि है, जहां दोनों गांवो के चरवाहे अपने पशुओं को चराने के लिए लाते हैं। मवेशी चराने को लेकर दोनों गांवों के ग्रामीणों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। जिसके बाद दोनों तरफ के लोग आमने-सामने हो गए और एकदूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान करीब 12 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। जहां इनमें से कुछ घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही रटलाई थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के करीब 24 लोगों को शांति भंग के आरोप में हिरासत में ले लिया गया है। दोनों गांवों में पुलिस जाप्ता तैनात है।

0 टिप्पणियाँ