सवाई माधोपुर-हेमेन्द्र शर्मा।
सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय के हम्मीर सर्किल पर आज श्री राजपूत करणी सेना के कार्यक्रताओं द्वारा रणथंभौर के राजा राव हम्मीर देव एंव उनकी रानी रंगा देवी का बलिदान दिवस मनाया गया। इस दौरान करनी सेना के कार्यकर्ताओं ने हम्मीर सर्किल स्थित राव हम्मीर देव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया साथ ही राव हम्मीर देव व रानी रंगा देवी अमर रहे के नारे लगाते हुवे उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।श्री राजपूत करणी सेना के दिलीप सिंह खिजुरी ने बताया कि रणथंभौर के राजा राव हम्मीर देव व रानी रंगा देवी का बलिदान सवाई माधोपुर का बच्चा बच्चा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि रानी रंगा देवी ने 12 हजार रानियों के साथ राजस्थान का पहला जल जौहर रणथंभौर में किया था। लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के चलते रानी रंगा देवी का बलिदान आज सवाई माधोपुर में किसी को याद नही। उनका इतिहास धूमिल होता जा रहा है।उन्होंने कहा कि रणथंभौर के राजा राव हम्मीर देव व रानी रंगा देवी का इतिहास याद रखने के लिए करणी सेना द्वारा सवाई माधोपुर रानी रंगा देवी की प्रतिमा स्थापित करने का बीड़ा उठाया गया है। रानी रंगा देवी की प्रतिमा स्थापित करवाने के लिए करणी सेना द्वारा लगातार मुहिम चलाई जा रही है। साथ ही हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है। रानी रंगा देवी की प्रतिमा स्थापित करने के लिए जिला कलेक्टर के माध्यम से राजस्थान सरकार से मांग की जायेगी। ताकि जल्द से जल्द सवाई माधोपुर में रानी रंगा देवी की प्रतिमा स्थापित की जा सके और यहाँ के लोगो सहित रणथंभौर भ्रमण पर आने वाले पर्यटकों को राव हम्मीर देव व रानी रंगा देवी के बलिदान के बारे में सही जानकारी मिल सके।