झालावाड़-हरिमोहन चोडॉवत।
झालावाड़ जिले मे एक बेटी ने प्रेम विवाह करने के लिए अपनी ही अपहरण की साजिश रच डाली। यही नहीं अपने पिता के मोबाइल पर फोन करवा कर 10 लाख रूपये की फिरौती की भी मांग की गई। लेकिन पुलिस ने लड़की की सारी प्लानिंग पर पानी फेर दिया और उसके प्रेमी सहित लड़की को धर दबोचा। सारे मामले में पुलिस को प्राथमिक जानकारी में ये बात सामने आई है कि लड़की ने क्राइम पेट्रोल सीरियल देख कर अपने ही अपहरण की साजिश की थी। सारे मामले मे महिला थाना पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सरोला कस्बे के निवासी लड़की के पिता अब्दुल सलाम ने पुलिस को रिपोर्ट दी थी कि उसकी लड़की मुस्कान को वो एम ए फाइनल का पेपर दिलवाने झालरापाटन के ही एक निजी कॉलेज में लेकर आया था। लेकिन कुछ समय बाद ही उसके मोबाइल पर लड़की का फोटो आया जिसमें उसके अपहरण की बात सामने आई तो साथ ही 10 लाख रूपये की फिरौती भी मांगी गई। इस पर महिला थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद झालावाड डीएसपी ने महिला थाना पुलिस और सदर थाना पुलिस के साथ घटनास्थल का मौका मुआयना किया और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो साथ ही मोबाइल लोकेशन भी ट्रेस की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला की लड़की एक लड़के के साथ बाइक पर बैठकर कोटा की ओर गई है। इस पर पुलिस ने लड़की मुस्कान और उसके प्रेमी देवेंद्र चौधरी को धर दबोचा। बाद में पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह दोनों सारोला कस्बे में पड़ोस में ही रहते हैं और एक दूसरे से प्रेम करते हैं और शादी करना चाहते है। लेकिन उनके घर वालों को ये रिश्ता मंजूर नही था। इसलिए उन्होंने क्राइम पेट्रोल सीरियल देख कर खुद की ही अपहरण की प्लानिंग रची। लड़की मुस्कान का कहना था कि उसके अपहरण की खबर सुनकर उसके पिता डर जाएंगे और उसे ढूंढेंगे नहीं और इस दौरान वे लोग कोर्ट में जाकर शादी कर लेंगे। लेकिन वो लोग अपने ही बुने जाल में फंस गए और पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। अब फिलहाल महिला थाना पुलिस दोनों प्रेमी युगल से पूछताछ में जुटी हुई है ।

0 टिप्पणियाँ