जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से दिल्ली में दोबारा पूछताछ के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से राजधानी जयपुर में कांग्रेस पार्टी ने शहीद स्मारक पर मौन सत्याग्रह के जरिए अपना विरोध दर्ज करवाया। कांग्रेस की ओर से किए गए सत्याग्रह आंदोलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, मंत्री प्रताप सिंह, मंत्री टीकाराम, शांति धारीवाल, भजन लाल जाटव, शकुंतला रावत समेत बड़ी तादाद में निगम चेयरमैन और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सत्याग्रह आंदोलन में मंगलवार को बिना किसी भाषण के कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने महात्मा गांधी के भजनों और देशभक्ति गीतों के जरिए अपना विरोध जताया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्र की मोदी सरकार पर जुबानी हमला करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार कांग्रेस के नेताओं को बेवजह परेशान कर रही है। डोटासरा ने कहा कि केंद्र सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करके विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है।उन्होंने कहा कि जिस तरह से केंद्र सरकार ने किसानों से माफी मांगी थी, उसी तरह से सोनिया गांधी और राहुल गांधी से भी माफी मांगनी पड़ेगी। डोटासरा ने कहा कि केंद्र सरकार देश की जनता को मुख्य मुद्दों से भटकाना चाहती है। इसी के चलते महंगाई और अग्निपथ जैसी योजनाओं के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी को इस तरह से ईडी की ओर से परेशान किया जा रहा है।