झालावाड़-हरिमोहन चोडॉवत।
झालावाड़ जिले के घाटोली थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। इस दौरान पुलिस टीम ने 57 किलो अफीम डोडा चूरा के साथ दो तस्करों को धर दबोचा। तस्करी में प्रयुक्त आरोपियों की दो बाइक को भी पुलिस ने जप्त कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए झालावाड़ पुलिस अधीक्षक रिचा तोमर ने बताया कि मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ झालावाड़ पुलिस द्वारा जिले भर में धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है।घाटोली थाना अधिकारी अजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र में नाकेबंदी की जा रही थी। उसी दौरान बाइक पर पीछे कट्टा बांध कर ले जाते हुए दो बाइक चालक नजर आए। जिन्हें संदेह होने पर रोक कर बाइक पर बंधे कट्टो की तलाशी ली तो उनमें अवैध मादक पदार्थ अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 57 किलो होना पाया गया। जिसे पुलिस टीम ने जप्त कर दोनों बाइक के चालक भोजराज तथा रायसिंह निवासी नयागांव गोवर्धनपुरा थाना क्षेत्र घाटोली को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।तस्करी में प्रयुक्त की गई दोनों आरोपियों की बाइक को भी पुलिस ने जप्त कर लिया है। बहरहाल पुलिस टीमें अब पूछताछ में जुटी है कि यह मादक पदार्थ वे का से लाए थे और किसे देने जा रहे थे।