हनुमानगढ़-विश्वास कुमार।
हनुमानगढ़ जिले के भिरानी थाना क्षेत्र के चिड़ियागांधी गांव में ईद के दिन गोकशी का मामला रुकने का नाम नहीं ले रहा और लगातार बढ़ते विवाद को देखकर जिला प्रशासन ने आज चिड़ियागांधी और गांधीबड़ी गांव में कर्फ्यू लगा दिया। वहीं पूरे भादरा उपखंड में दो दिनों से नेट बंदी है। साथ ही इसी मामले को लेकर पूर्व में ही जिले में धारा 144 भी लागू की हुई है।
दरअसल हनुमानगढ़ जिले के भिरानी थानांतर्गत चिड़ियागांधी गांव में ईद के दिन गोकशी की घटना से नागरिकों में आक्रोश है और विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। ईद के दिन पड़ोस की एक महिला ने गोकशी की घटना देखी और इसकी जानकारी अपने परिजनों और गौशाला संचालकों को दी।
जिसके बाद भिरानी पुलिस ने मांस के सैंपल लिए और 19 जुलाई को आई पॉजिटिव रिपोर्ट में मांस गाय का निकला जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वही नागरिकों ने अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर चिड़ियागांधी में धरना शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने दो और आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। मगर ग्रामीण निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर धरने पर बैठे रहे। जिस पर 26 जुलाई की रात्रि को पुलिस ने जबरन धरना उठाया और टेंट को उखाड़ दिया साथ ही एहतियात के तौर पर नेट भी बंद कर दिया। चश्मदीद गवाह महिला का कहना है कि जिन लोगों ने गाय काटी है उनको सख्त सजा मिले और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो।

प्रशासन ने चिड़ियागांधी और गांधीबड़ी गांव में लगाया कर्फ्यू।
जबरन धरना उठाने और टेंट उखाड़ने से आक्रोशित नागरिकों ने कल चिड़िया गांधी गांव में विरोध प्रदर्शन किया। जिसमें ग्रामीणों की पुलिस से भिड़ंत हो गई और ग्रामीणों द्वारा की गई पत्थरबाजी से भिरानी थाना अधिकारी ओमप्रकाश सुथार के सिर पर और एक अन्य पुलिसकर्मी के भी हाथ पर मामूली चोट लगी। वहीं एक प्रदर्शनकारी के भी मामूली चोट आई इसके बाद जिला प्रशासन ने चिड़ियागांधी और गांधीबड़ी गांव में कर्फ्यू लगा दिया। वहीं मामला बढ़ता देख जिला कलक्टर नथमल डिडेल और पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने भी भादरा में डेरा डाल लिया है। घटना को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक अजय सिंह का कहना है कि कल जो पत्थरबाजी हुई उसमें हरियाणा के कुछ असामाजिक तत्व शामिल हैं जिसकी जानकारी उनको पहले ही मिल चुकी थी। इसलिए पहले ही पुलिस जाब्ता तैनात किया गया था और इन असामाजिक तत्वों की करीब 20 बाइक को भी जब्त किया गया है।

डीएम एसपी ने डाला डेरा।
सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल रहे हनुमानगढ़ जिले में इस तरह की पहली घटना हनुमानगढ़ जिले पर एक बदनुमा दाग बनकर उभरा है। वहीं जिला प्रशासन आमजन से संयम बरतने की अपील कर रहा है दूसरी तरफ इस मामले में पुलिस ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल चिड़ियागांधी और गांधीबड़ी गांव में भारी पुलिस जाब्ता तैनात है। और दोनों ही गांवों में कर्फ्यू लगा हुआ है साथ ही जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक भादरा में कैंप कर पूरे मामले पर निगाह रखे हुए हैं।