जयपुर/भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
अवैध खनन रोकने के लिए आत्महदाह करने वाले ब्रज के संत विजयदास महाराज की हालात नाजुक है। जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती संत काे गुरुवार को ग्रीन कॉरिडर बनाकर सड़क मार्ग से दिल्ली भेजा गया है।उनके साथ डॉक्टरों की स्पेशल टीम भी गई है।एसएमएस के डॉक्टरों का कहना कि संत 85 प्रतिशत तक झुलसे हैं। इससे पहले सुबह सीएम सचिव के साथ डीसीपी राजीव पचार और जयपुर जिला कलेक्टर भी सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से बात की। भरतपुर के डीग कस्बे में आदिबद्री और कनकांचल पहाड़ पर खनन के विरोध में बुधवार को बाबा विजय दास महाराज ने खुद को आग लगा ली। बाबा को बुधवार शाम जयपुर के एसएमएस अस्पताल लाया गया था।

भाजपा ने भरतपुर में किया प्रदर्शन।
भरतपुर में भाजपा ने गुरुवार सुबह जिला कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाअध्यक्ष शैलेश सिंह ने कलेक्टर को दिए ज्ञापन में कहा कि ब्रज धरोहर बचाने के लिए साधु संतों और ब्रजवासियों की तरफ से शांति पूर्वक धरना दिया जा रहा था। इस दौरान प्रशासन और धरने पर बैठे लोगों के बीच वार्ता भी हुई। यहां तक कि सीएम स्तर पर ब्रज की धरोहर को संरक्षित करने की बात तय हुई।लेकिन सरकार की अनदेखी के कारण साधु संतों की मांग पूरी नहीं हुई। इसलिए मजबूरन बाबा विजय दास महाराज को आत्मदाह का प्रयास करना पड़ा। यह घटना बहुत ही शर्मनाक है और यह घटना मुख्यमंत्री की वादा खिलाफी के कारण हुई है। इसलिए बीजेपी मांग करती है कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर सीएम नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दें।