बाड़मेर ब्यूरो रिपोर्ट।
उदयपुर घटना के बाद सोशल मीडिया पर आंतकवाद के खिलाफ पोस्ट करने को लेकर भारतीय जनता पार्टी बाड़मेर की आईटी सेल के संयोजक भूर सिंह राजपुरोहित को जान से मारने की धमकियां मिली रही हैं। उन्हें अज्ञात लोगों ने फोन कर परिवार सहित बम से उड़ाने की धमकी दी है। जिसके बाद भूर सिंह ने बाड़मेर पुलिस अधीक्षक से मिलकर अपनी शिकायत दी। जिले के ग्रामीण थाने में मामला भी दर्ज किया गया है। भूर सिंह राजपुरोहित ने उदयपुर में कन्हैयालाल की हत्या के विरोध में सोशल मीडिया में जिहादियों का आर्थिक बहिष्कार करने से जुड़ी पोस्ट डाली थी। जिसके बाद से उन्हें फोन कर धमकाया जा रहा है। मंगलवार रात को भी फोन पर धमकी दी गई कि 24 घंटे में मार देंगे। घर में आकर बम विस्फोट करेंगे। भूर सिंह ने बताया कि उन्हें अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सअप कॉल आ रहे हैं। एक कॉल को दूसरे फोन से रिकॉर्ड कर पुलिस के समक्ष पेश किया है। भूर सिंह ने बताया कि उनके पास बुधवार को फोन आया कि 24 घंटे में परिवार सहित खत्म कर देंगे। भूर सिंह ने बताया कि मैनें कोई असंवैधानिक टिप्पणी नहीं की है। मैंने लिखा था कि आतंकवादी मानसिकता को खत्म करने के लिए जेहादियों का आर्थिक बहिष्कार करें। जिसको लेकर मुझे फोन कॉल आए हैं। भूर सिंह के अनुसार उन्हें इंटरनेट कॉल और WhatsApp Call आए। 1 जुलाई से अब तक पचास से ज्याद कॉल आ चुके हैं। इनमें कई विदेशी नंबर के थे।
समाज ने सीएमओ से मांगी सुरक्षा।
भूरसिंह की सुरक्षा को लेकर राजपुरोहित समाज ने मुख्यमंत्री कार्यालय को ट्वीट कर सुरक्षा की गुहार की है। उसमें लिखा है कि समय रहते असामाजिक तत्वों के खिलाफ उचित कार्रवाई करें। कुछ अनहोनी होती है तो इसके लिए पुलिस व प्रशासन की जिम्मेदारी होगी।

0 टिप्पणियाँ