जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
सैनिक कल्याण मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल को लेकर बड़ा बयान दिया है। पीसीसी कार्यालय पर जन सुनवाई के दौरान गुढ़ा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के दौरान जो हमें आश्वासन दिया था वह काम पूरे हो रहे हैं। कुछ जगह अलाइनमेंट खराब है, जिसे सही कर दिया जाएगा। जब उनसे पूछा गया कि किसका अलाइनमेंट खराब है तो उन्होंने कहा शांति धारीवाल का। गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव के समय बसपा से कांग्रेस में आए विधायकों ने अपने काम नहीं होने से नाराज जताई थी, लेकिन सीएम के आश्वासन के बाद सभी कांग्रेस कैम्प में शामिल हो गए थे। ईआरसीपी के मुद्दे पर गुढ़ा ने कहा कि यह पूर्वी राजस्थान की बड़ी परियोजना है। जहां तक मेरे इलाके का सवाल है तो कई क्षेत्रों में पानी की समस्या है। लेकिन लोहा महंगा होने की वजह से कुंभाराम आर्य लिफ्ट परियोजना का काम रुका हुआ है यह योजना पूरी होते ही पानी की समस्या दूर हो जाएगी। इससे पहले गुढ़ा ने जल संसाधन मंत्री महेंद्रजीत मालवीय के साथ जनसुनवाई की। हालांकि तय समय से करीब पौन घंटा देरी से यह जनसुनवाई शुरू हुई। ज्यादातर मामले ट्रांसफर से संबंधित थे।

अधिकारियों की लगाम कसकर रखनी चाहिए।
गुढ़ा ने कहा कि हम कांग्रेस कल्चर के लोग हैं। हमने कांग्रेस की सरकार बनाई भी है बचाई भी है। मैं हाथोंहाथ काम करने में विश्वास रखता हूं। औरों का मुझे पता नहीं है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को टाइम बाउंड करो। उन्होंने निर्देश दिए जाएं कि काम करो तो वापस बताना। चाहे आईएएस और आईपीएस हो। आप उनसे देख लेना निवेदन करना जैसे ना कहकर यह कहें कि काम करके वापस बताना। सरकार है तो अधिकारियों पर लगाम खींचकर रखनी चाहिए।